रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने सोमवार को मोराबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू को अनुसूचित जाति आयोग के शीघ्र गठन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 338 की भावना के अनुरूप राज्य में अनुसूचित जाति आयोग के तत्काल गठन की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि आयोग के गठन से अनुसूचित जाति समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की प्रभावी रक्षा सुनिश्चित होगी और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए एक सशक्त संस्थागत व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
Read More : झारखंड कांग्रेस की समीक्षा बैठक में के. राजू का दावा, SIR को लेकर 21 हजार से ज्यादा BLA सक्रिय
सामाजिक न्याय को मजबूत करने की मांग
विजय शंकर नायक ने कहा कि अनुसूचित जाति समुदाय आज भी सामाजिक भेदभाव, अत्याचार, शोषण और विकास से जुड़े कई गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है। उन्होंने मांग की कि आयोग को संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की रक्षा, अत्याचारों की जांच, आरक्षण नीति और कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी के साथ-साथ राज्य सरकार को आवश्यक सुझाव देने की व्यापक शक्तियां दी जाएं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग का गठन दलित समाज की लंबे समय से लंबित मांग है और इसके अभाव में कई महत्वपूर्ण मुद्दों का प्रभावी समाधान नहीं हो पा रहा है।
के. राजू ने दिया आश्वासन
कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने ज्ञापन प्राप्त कर इस मांग को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस विषय को पार्टी नेतृत्व और राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा, ताकि अनुसूचित जाति आयोग के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।




