रांची/ धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी आईएसएम) धनबाद में शुक्रवार रात दुखद हादसा सामने आया, जहां बीटेक पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र माने प्रतीक राजकुमार ने हॉस्टल की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे संस्थान परिसर में
रांची/ धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी आईएसएम) धनबाद में शुक्रवार रात दुखद हादसा सामने आया, जहां बीटेक पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र माने प्रतीक राजकुमार ने हॉस्टल की आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे संस्थान परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतक छात्र मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और संस्थान परिसर स्थित एक्वामरीन हॉस्टल में रह रहा था।
धनबाद थाना पुलिस मामले की कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही संस्थान के हॉस्टल वार्डन, सुरक्षा अधिकारी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आनन-फानन में छात्र को असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संस्थान प्रशासन ने घटना के संबंध में मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। प्रारंभिक पड़ताल के दौरान मृतक के दोस्तों तथा अन्य छात्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस आत्मघाती कदम का कारण निजी और घर से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल धनबाद थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्र के माता-पिता और स्वजनों के धनबाद पहुंचने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।