रांची : राजधानी रांची के सैटेलाइट चौक के पास एचईसी (HEC) की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान बुधवार को स्थिति काफी बेकाबू हो गई। कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस हिंसक झड़प में कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है।
Read More : झारखंड कैडर के IPS संजय लाटकर को बड़ी जिम्मेदारी, परमाणु ऊर्जा विभाग में बने DG
सुबह से बना हुआ था तनाव का माहौल
अतिक्रमण हटाने के अभियान को लेकर सुबह से ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक टीम लोगों को समझा-बुझाकर कार्रवाई में सहयोग की अपील कर रही थी। हालांकि, कई लोग जेसीबी के सामने बैठकर विरोध जताने लगे और कुछ प्रदर्शनकारी मशीनों पर भी चढ़ गए। पुलिस ने जैसे ही उन्हें नीचे उतारा, माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और भीड़ की तरफ से पथराव शुरू कर दिया गया। हटिया डीएसपी नीरज ने मीडिया को बताया कि अतिक्रमण हटाने गई टीम पर भीड़ ने अचानक हमला कर दिया और पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।

बस्तीवासियों ने की पुनर्वास और मुआवजे की मांग
दूसरी तरफ, बस्तीवासियों का कहना है कि वे बीते करीब 60 वर्षों से इस जगह पर रह रहे हैं। अचानक बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए घर तोड़े जाने से उनके सामने सिर छिपाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने पहले कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में दोबारा जेसीबी लाकर घर तोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई है कि सरकार को पहले उनके लिए स्थायी या वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करनी चाहिए, उसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
HEC की जमीन पर जारी रहेगा अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई जिला प्रशासन के लिखित आदेश के तहत की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, HEC की जमीन पर जो भी निर्माण अवैध अतिक्रमण के दायरे में आएगा, उसे हटाया जाएगा। पूर्व में भी इस क्षेत्र में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाकर कई निर्माण हटाए जा चुके हैं।



