रांची : श्री श्याम मंडल, रांची की ओर से रविवार को अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में चंदन द्वादशी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु को खीर-चूरमा का विशेष भोग अर्पित किया गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
Read More : सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जाना होगा आसान, रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल
कार्यक्रम के मुख्य यजमान अजय कुमार एवं हिमांशु कुमार ने अपने परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्याम बाबा को खीर-चूरमा का भोग समर्पित किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला, मंत्री धीरज बंका एवं यजमान परिवार द्वारा गणेश पूजन से हुई। इसके बाद वीर बजरंगबली और शिव परिवार की पूजा कर फल एवं मिष्ठान अर्पित किए गए।
800 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
पूजा के उपरांत मंदिर परिसर में “हारे के सहारे” और “लखदातार की जय” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर खीर-चूरमा का प्रसाद ग्रहण करते रहे। इस दौरान श्री श्याम मंडल के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल और चरण पादुका रखने की भी विशेष व्यवस्था की। मंदिर परिसर में ही तैयार किए गए खीर-चूरमा प्रसाद का वितरण 800 से अधिक श्रद्धालुओं के बीच किया गया।
इनका रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास पढ़िया, प्रदीप अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, प्रमोद बगड़िया, अरुण धानुका, नितेश लाखोटिया और लल्लू सारस्वत सहित श्री श्याम मंडल के कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।




