धनबाद : 30 जुलाई से शुरू हो रहे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर भारतीय रेलवे ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रांची-भागलपुर और इतवारी-मधुपुर समेत कई सावन स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। इन ट्रेनों के जरिए झारखंड, बिहार और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के श्रद्धालुओं को यात्रा में सहूलियत मिलेगी।
Read More : CJP के बाद अब E20 जनता पार्टी चर्चा में, 100% शुद्ध पेट्रोल की मांग ने पकड़ी रफ्तार
रेलवे के अनुसार, रांची और भागलपुर के बीच दो जोड़ी सावन स्पेशल ट्रेनें अलग-अलग मार्गों से चलेंगी। इनमें एक ट्रेन बोकारो, गोमो, कोडरमा और तिलैया होकर चलेगी, जबकि दूसरी बरकाकाना और हजारीबाग टाउन मार्ग से संचालित होगी। दोनों ट्रेनें सुल्तानगंज होकर भागलपुर जाएंगी, जहां से श्रद्धालु देवघर के लिए आगे यात्रा कर सकेंगे।
रांची-भागलपुर स्पेशल का समय
- 08690 रांची-भागलपुर सावन स्पेशल 26 जुलाई से 9 सितंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को चलेगी। ट्रेन रांची से शाम 5:40 बजे रवाना होगी, रात 8:25 बजे बोकारो, 8:58 बजे चंद्रपुरा और 9:25 बजे गोमो पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 5:25 बजे सुल्तानगंज और 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
- 08689 भागलपुर-रांची सावन स्पेशल 27 जुलाई से 10 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन भागलपुर से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर सुल्तानगंज, गोमो, चंद्रपुरा और बोकारो होते हुए रात 10:20 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन में एक थर्ड एसी, सात स्लीपर और सात सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं।
इतवारी-मधुपुर स्पेशल भी चलेगी
- रेलवे एक अगस्त से 08895 इतवारी-मधुपुर सावन स्पेशल का संचालन भी शुरू करेगा। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 1 अगस्त से 29 अगस्त तक चलेगी। ट्रेन इतवारी से सुबह 4:30 बजे रवाना होकर कतरास, धनबाद होते हुए अगले दिन सुबह 6:00 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
- वहीं 08896 मधुपुर-इतवारी सावन स्पेशल 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। यह सुबह 9:00 बजे मधुपुर से रवाना होकर धनबाद, कतरास होते हुए अगले दिन इतवारी पहुंचेगी। इस ट्रेन में चार थर्ड एसी, 10 स्लीपर और चार सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
जसीडीह स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव
श्रावणी मेले के दौरान जसीडीह स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों का पांच मिनट का विशेष ठहराव रहेगा। इनमें राजधानी एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस, जन शताब्दी, गरीब रथ, अमृत भारत, हमसफर एक्सप्रेस और बाबा वैद्यनाथ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। इससे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को देवघर पहुंचने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। रेलवे को उम्मीद है कि विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था से इस वर्ष श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।




