रांची : सावन माह के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा द्वारा तीन दिवसीय ‘सावन मेला-शॉपिंग फेस्टिवल’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला अपर बाजार स्थित अग्रसेन भवन में 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को आयोजित होगा। आयोजन समिति के अनुसार मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आम लोगों के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।
Read More : रांची के डोरंडा में अज्ञात वाहन ने गाय को मारी टक्कर, बजरंग दल ने कराया इलाज
महिला उद्यमियों को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। मेले के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही शहरवासियों को एक ही जगह पर खरीदारी और मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मेले में क्या रहेगा खास?
मेले में विविधता से भरपूर कई स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें डिजाइनर फैशन व एथनिक परिधान, ट्रेंडी ज्वेलरी, हाथ से बने हस्तशिल्प और गृह सज्जा के सामान उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा राखी, लड्डू गोपाल के वस्त्र व श्रृंगार, होममेड फूड, चाट-पकवान और मिठाइयों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। बच्चों के लिए गेम्स और फोटो ज़ोन की भी विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया कि मेले के सभी स्टॉल बुक हो चुके हैं और इस बार स्टॉल्स की संख्या व वैरायटी दोनों में बढ़ोतरी हुई है।
आयोजकों ने की परिवार सहित पहुंचने की अपील
शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल, सचिव रेखा राईका और कोषाध्यक्ष स्मिता अग्रवाल ने रांची के लोगों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों की उपस्थिति से महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ेगा। यह जानकारी शाखा की मीडिया प्रभारी वेदिका सिंघानिया ने दी है।




