रांची : झारखंड की साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का 20वें एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के नागोया शहर में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सरिता भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। सरिता कुमारी का भारतीय साइकिलिंग टीम में चयन झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उनके चयन से राज्य के साइकिलिंग खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।
Read More : हेमंत सोरेन मां रूपी सोरेन को लेकर हैदराबाद रवाना, परिवार साथ
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन
साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह और झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक ने संयुक्त रूप से बताया कि सरिता कुमारी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न साइकिलिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के परिणामस्वरूप उन्हें एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। सरिता कुमारी की यह उपलब्धि झारखंड में साइकिलिंग के बढ़ते स्तर और राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही पहचान का प्रमाण है। उनके भारतीय टीम में चयन से राज्य के साइकिलिंग खिलाड़ियों और खेल जगत में खुशी का माहौल है।
खेल जगत ने दी बधाई
सरिता कुमारी के चयन पर खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हसदा, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष मधुकांत पाठक समेत संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। बधाई देने वालों में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, उपाध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा, सुरजीत कुमार, शि.र्डी सिंह, पुष्पा हसन, जितेंद्र महतो, दिलीप गुप्ता, शशिकांत पांडे, दीपक हेंब्रम, रितेश झा, नरेश कुमार, ओम प्रकाश गुप्ता, चंद्र बहादुर सिंह, राजकुमार मेहता, प्रोन्नति रानी सिंह, सतविंदर कौर, तस्लीम खान और अनिता शामिल हैं। इसके अलावा जेएसएसपीएस प्रशिक्षक रामकुमार भट्ट और प्रथम शर्मा ने भी सरिता कुमारी को शुभकामनाएं दीं। सभी ने विश्वास जताया कि वह एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी।




