रांची : रांची रेलवे स्टेशन पर वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। आज गुरुवार को चलाए गए ‘ऑपरेशन WILEP’ के तहत RPF रांची पोस्ट की टीम ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को 5 दुर्लभ और जहरीले सांपों के साथ हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार, RPF के अधिकारी और जवान प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में उनकी पहचान आनंद नाथ और अर्जू के रूप में हुई है।
Read More : सदन में राहुल गांधी के सामने मुंह छुपाकर भागी भाजपा : आलोक कुमार दूबे
दोनों के पास मौजूद बांस की टोकरियों की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से 02 लाल रेत बोआ (दोमुंहा सांप) और 03 चश्माधारी नाग (कोबरा) बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन सांपों को जंगल से पकड़कर लाए थे और सार्वजनिक प्रदर्शन कर पैसे कमाने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
वन विभाग को सौंपे गए आरोपी और बरामद सांप
RPF की टीम ने आवश्यक कानूनी और विभागीय प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों, बरामद सांपों और संबंधित कागजातों को आगे की कार्रवाई के लिए वन परिक्षेत्र पदाधिकारी (टिम्बर डिपो रेंज, रांची) के सुपुर्द कर दिया है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उपनिरीक्षक कमल दास, सहायक उपनिरीक्षक शक्ति सिंह तथा बल सदस्य सुचंद अहीर और आर. एल. मुंडा की मुख्य भूमिका रही।




