रांची : जिले में चल रहे विकास काम और सरकारी योजनाओं की रफ्तार को लेकर शनिवार को DC मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की। समाहरणालय के एनआईसी सभागार में हुई इस बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अलग-अलग इलाकों में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की स्थिति पर बात हुई। इसके साथ ही लोगों की समस्याओं के समाधान और आने वाले दिनों में शुरू होने वाली बड़ी परियोजनाओं के लिए जमीन की उपलब्धता को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
Read More : रांची में SIR को लेकर बैठक, हेल्पडेस्क बनाने का निर्देश
विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा
बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और भवन निर्माण कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। DC मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में नियमित रूप से बैठने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन को प्राथमिकता दें।
भूमि मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
DC ने कहा कि विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भूमि संबंधी मामलों में पारदर्शिता के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि से जुड़े मामलों में समय पर कार्रवाई होने से जिले में चल रहे महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों और परियोजनाओं में बाधा नहीं आएगी।
जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
बैठक में DC ने जन-केंद्रित प्रशासन की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रखंड और अंचल स्तर पर जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना प्रत्येक पदाधिकारी का कर्तव्य है। बैठक का उद्देश्य जिले में विकास कार्यों को गति देना, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना रहा।





