रांची : रांची नगर निगम के स्वामित्व वाले सामुदायिक भवनों के बेहतर प्रबंधन, रखरखाव और सौंदर्यीकरण को लेकर शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में निगम कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम के पदाधिकारियों, अभियंत्रण शाखा और हॉर्टिकल्चर शाखा के अधिकारियों ने भाग लिया तथा विभिन्न वार्डों में स्थित सामुदायिक भवनों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।
Read More : रांची में डूरंड कप-2026 की तैयारियों का जायजा, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बैठक में अभियंत्रण शाखा ने वार्ड 36 के न्यू पुंदाग और गिरजा टोली, वार्ड 38 के आदर्श नगर, वार्ड 44 के हिनू ब्रिज और पारस टोली, वार्ड 45 के ग्वाला टोली तथा वार्ड 53 के शतरंजी बस्ती (पोस्ट ऑफिस रोड एवं तुपुदाना रोड) सहित अन्य निगम स्वामित्व वाले सामुदायिक भवनों के निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की। निरीक्षण के दौरान भवनों की संरचनात्मक स्थिति, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक मरम्मत कार्यों का आकलन किया गया।
मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और हरियाली बढ़ाने पर जोर
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन सामुदायिक भवनों में पेंटिंग पुरानी हो चुकी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर रंग-रोगन कराया जाए। साथ ही सभी भवनों को साफ-सुथरा, आकर्षक और उपयोग योग्य बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम के सभी सामुदायिक भवनों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए और जहां भी अतिक्रमण हो, उसे नियमानुसार हटाकर भवनों का उपयोग केवल जनहित के कार्यों के लिए सुनिश्चित किया जाए।
Read More : रांची नगर निगम की पहल, मोराबादी के वेंडरों को टैगोर हिल के समीप किया गया पुनर्वास
उन्होंने अभियंत्रण शाखा को लंबित सिविल कार्य, वाटरप्रूफिंग, पेवर ब्लॉक निर्माण, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, जलापूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। वहीं हॉर्टिकल्चर शाखा को सभी सामुदायिक भवनों के परिसर में बागवानी और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए कहा गया।
ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था पर भी दिया जोर
नगर आयुक्त ने कहा कि रांची नगर निगम का उद्देश्य केवल सामुदायिक भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उनका नियमित रखरखाव, प्रभावी प्रबंधन और अधिकतम जनोपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित शाखाओं को सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि नागरिकों को पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने के लिए SMART RANCHI APP के माध्यम से सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था शुरू की गई है। इसके जरिए लोग घर बैठे भवनों की उपलब्धता की जानकारी लेकर आसानी से बुकिंग कर सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनी है।
Read More : कम बारिश और बीज-खाद संकट पर भाजपा का हमला, मृत्युंजय शर्मा बोले- सरकार किसानों के प्रति गंभीर नहीं
बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक नगर आयुक्त, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, हॉर्टिकल्चर शाखा के पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




