रांची में डूरंड कप-2026 की तैयारियों का जायजा, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण के सफल आयोजन को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
डूरंड कप

रांची : एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण के आयोजन को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम अधिकारियों के साथ मोराबादी स्थित भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान टूर्नामेंट के सफल, स्वच्छ और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई।

Read More : रांची नगर निगम की पहल, मोराबादी के वेंडरों को टैगोर हिल के समीप किया गया पुनर्वास

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित शाखाओं के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेडियम परिसर और मोराबादी क्षेत्र की स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, हरियाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।

स्वच्छता, हरियाली और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर

नगर आयुक्त ने कहा कि डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए स्टेडियम के भीतर और बाहर डे-एंड-नाइट सफाई टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाने और पूरे क्षेत्र को कूड़ा मुक्त रखने के निर्देश दिए गए। हॉर्टिकल्चर शाखा को मोराबादी क्षेत्र और स्टेडियम के आसपास पेड़ों की आवश्यक छंटाई शीघ्र पूरी करने तथा खाली स्थानों पर पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत शाखा को खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने और स्टेडियम व आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था होगी सुव्यवस्थित

टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के वाहनों की सुचारु पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन करने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट का रांची में आयोजन पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास खिलाड़ियों, टीमों, अतिथियों और दर्शकों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यादगार अनुभव उपलब्ध कराना है।

सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि रांची एक उत्कृष्ट मेजबान के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, जिला खेल पदाधिकारी, नगर प्रबंधक सहित नगर निगम और संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Read More : कम बारिश और बीज-खाद संकट पर भाजपा का हमला, मृत्युंजय शर्मा बोले- सरकार किसानों के प्रति गंभीर नहीं

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.