रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में MMDR संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रस्ताव ध्वनीमत से पारित हो गया है। पारित प्रस्ताव को केंद्र सरकार को भेजा जायेगा। इसके साथ ही सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले सरकार का पक्ष रखते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यह संशोधन एक्ट व्यापारियों के हित में लाया गया है।
सीएम हेमंत सोरेन ने सदन में MMDR संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस पूरे मामले पर नजर है और वह कानूनी सलाह ले रही है। सीएम के अनुसार, जब कानूनी रूप से ऐसा नहीं कर सके, तो केंद्र सरकार एक्ट में संशोधन करके ले आयी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड देश से बाहर नहीं है और राज्य देश के विकास में रोड़ा नहीं बनना चाहता। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा, “देश की केंद्र सरकार मजबूत सरकार नहीं, बल्कि मजबूर सरकार है”।
विपक्ष के वॉकआउट के बीच हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार का पक्ष मजबूती से पेश करते हुए कहा कि संविधान पीठ के आदेश के बाद MMDR संशोधन कानून लागू किया गया।
संविधान की प्रस्तावना के शब्द ‘हम भारत के लोग’ सुनने में साधारण लगते हैं, लेकिन इनके मायने व्यापक हैं
सीएम ने विपक्ष के सदन से वॉकआउट करने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि आज विपक्ष राज्य के प्रति सहयोग का भाव दिखायेगा, लेकिन विपक्ष सदन से बाहर चला गया। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय विशेष सत्र का अंतिम दिन संविधान दिवस के साथ पड़ना एक संयोग है। संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान को अंगीकार किया था। संविधान की प्रस्तावना के शब्द ‘हम भारत के लोग’ सुनने में साधारण लगते हैं, लेकिन इनके मायने व्यापक हैं।
हेमंत सोरेन ने कोयले की रॉयल्टी के तौर पर बकाये एक लाख 36 करोड़ की भी चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि सरकार यह साबित करने में विफल रही है कि झारखंड की मांग जायज नहीं है। मुख्यमंत्री के अनुसार, कोर्ट से राहत मिलने के बाद जब क्षतिपूर्ति की मांग तेज हुई, तो कानून लाकर राज्य के हाथ बांधने की कोशिश की गयी।
सीएम ने केंद्र सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार केंद्रीकृत व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। उसे अच्छे-बुरे और सही-गलत से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने विपक्ष के रवैये पर चिंता जताते हुए कहा कि संवेदनशील विषयों पर सदन में विपक्ष की ऐसी स्थिति है, तो परिवार में कोई संवेदनशील विषय आने पर उनका व्यवहार कैसा होगा।
‘अनुदान हमारा अधिकार, भीख नहीं’
MMDR संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य MMDR से पैसा कमाना नहीं है। यह क्षतिपूर्ति का पैसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सेस के जरिये कोषागार भरना नहीं चाहती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस पूरे मामले पर नजर है और वह कानूनी सलाह ले रही है। सीएम के अनुसार, जब कानूनी रूप से ऐसा नहीं कर सके, तो केंद्र सरकार एक्ट में संशोधन करके ले आयी. अनुदान के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अनुदान राज्य का अधिकार है, भीख नहीं। इसलिए राज्य को अनुदान देना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुदान के तहत मिलने वाली राशि का अर्थ यह नहीं है कि राज्य के खजाने में अतिरिक्त पैसा आ रहा है। यह क्षतिपूर्ति की राशि है और क्षतिपूर्ति राज्य का अधिकार है।
इससे पहले सदन की कार्यवाही शुरू होने के साछ सीएम ने एमएमडीआर को लेकर सदन के पटल पर संकल्प पेश किया। साथ ही राज्य सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि इसके पारित होने पर केंद्र को भेजा जायेगा। संकल्प में सरकार ने बताया है कि इस संशोधन के कारण राज्यों द्वारा खनिज अधिकारों एवं खनिजयुक्त जमीन पर कर/उपकर /सेस लगाने की शक्तियों को सीमित कर दिया गया है।सरकार का पक्ष है कि इस अधिनियम के लागू होने से राज्य सरकार को प्रति वर्ष 13 हजार करोड़ रुपये के भारी नुकसान होने की संभावना है।
केंद्र से मिलने वाले अनुदान का जिक्र करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि अनुदान राज्य का अधिकार है और केंद्र सरकार को इसे देना ही होगा। समय पर अनुदान नहीं मिलने के कारण राज्य सरकार ने अपने राजस्व के स्रोत विकसित किए और उन्हीं के माध्यम से कई जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि इस कानून के प्रावधानों को राज्य सरकार के आर्थिक संसाधनों को सीमित करने के औजार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य सरकार खनन से प्रभावित क्षेत्रों और पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई के लिए क्षतिपूर्ति राशि वसूलती रही है। उन्होंने कहा कि सही तरीके से किए गए खनन में भी उसके प्रभावों की क्षतिपूर्ति का अधिकार राज्य को है। यदि कंपनियां न्यायालय जाती हैं तो उन्हें और अधिक क्षतिपूर्ति देनी पड़ सकती है।
जब चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर सवाल किया जाता है, तो कोई जवाब देने को तैयार नहीं होता
सीएम हेमंत सोरेन ने सदन में SIR की प्रक्रिया को लेकर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने SIR पर बड़ी चतुराई से काम किया है। उन्होंने सदन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर सवाल किया जाता है, तो कोई जवाब देने को तैयार नहीं होता। सीएम ने कहा कि SIR के तहत 63 लाख लोगों को नोटिस दिया गया है। इस पूरी प्रक्रिया का आर्थिक बोझ भी आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
also read आज का दिन भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन: के राजू



