रांची : राष्ट्रीय सैनिक संस्था रांची महानगर के तत्वावधान में इन्द्रपुरी रोड नंबर-6, रातू रोड स्थित परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य सुशील कुमार पांडे ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। उपस्थित सभी लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘वीर शहीद अमर रहें’ के गगनभेदी नारे लगाए।
पूर्व सैनिकों और बुजुर्गों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान राष्ट्रीय सैनिक संस्था युवा कमान के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार उर्फ पुटू ने पूर्व सैनिकों और वृद्धजनों को तिरंगा पट्टा, बैज और तिरंगा रिस्ट बैंड पहनाकर सम्मानित किया और उनका मान बढ़ाया। इस मौके पर बच्चों को भी तिरंगा पट्टा, हैंड बैंड और बैज बांटे गए।
वीर शहीदों को नमन और युवाओं को सीख
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक दिनेश्वर पाठक और पूर्व सैनिक सत्येंद्र कुमार सिंह ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
युवा कमान के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार उर्फ पुटू ने युवाओं को बुरी संगति और नशापान से दूर रहने का संदेश दिया। वहीं श्रीकृष्णकांत पाठक ने महापुरुषों के बताए मार्गों पर चलने का आह्वान किया।
देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान
मुख्य अतिथि सुशील कुमार पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि देश हमारा है और इसकी एकता तथा अखंडता को बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर रहने और एक-दूसरे का सहयोगी बनने की अपील की।
इस अवसर पर संस्था के युवा कमान संरक्षक सरस कुमार, महिला विंग की प्रदेश सचिव प्रेरणा कुमारी, रांची महानगर युवा कमान के आयुष कुमार अग्रवाल, ऋषभ कुमार, मुन्ना कुमार, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार, आर्यन राज, पूनम मिश्रा, मीनू सहाय, विजय कुमार प्रसाद, पूर्व बैंक मैनेजर रामजी प्रसाद राय सहित कई गणमान्य लोग व बच्चे उपस्थित थे।








