रांची : झारखंड के आर्थिक विकास और भविष्य की नीतिगत दिशा को लेकर बुधवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में पेशेवरों का महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया गया। ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक, स्तंभकार एवं सार्वजनिक वक्ता सुवीर सरन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल हुए।
Read More : रांची के छठ घाट होंगे स्वच्छ और रोशन, नगर आयुक्त ने दिए निर्देश
विशिष्ट अतिथियों में झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कांग्रेस नेता आलोक दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, शशि भूषण, राजीव रंजन प्रसाद, सतीश पॉल, डॉ. एम. तौसीफ, महानगर अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा, सुरेंद्र सिंह, राजन वर्मा, सुरेन राम, अभिजीत राज और सूर्यकांत शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत झारखंड की पारंपरिक नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों के जरिए किया गया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर हुआ मंथन
सम्मेलन में देश और झारखंड के कई प्रतिष्ठित प्रोफेशनल्स, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षाविद्, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कानून विशेषज्ञ, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पैनल डिस्कशन के जरिए झारखंड की आर्थिक संभावनाओं, विकास की चुनौतियों और भविष्य की नीतिगत दिशा पर विचार-विमर्श किया गया। प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी हमेशा इस बात पर जोर देते रहे हैं कि वर्ष 1885 में कांग्रेस के गठन में प्रोफेशनल्स की महत्वपूर्ण भूमिका थी। डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और आर्किटेक्ट जैसे पेशेवरों की विशेषज्ञता ने देश की आजादी और निर्माण में योगदान दिया। आज भी राष्ट्र निर्माण में प्रोफेशनल्स की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया गया है और अब रिपब्लिक को फिर से मजबूत करने की जरूरत है। यूपीए सरकार ने शिक्षा का अधिकार और रोजगार का अधिकार दिया था। झारखंड जल, जंगल और जमीन के साथ मानव संसाधन और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और प्रोफेशनल्स की भागीदारी से नया झारखंड बनेगा। मधु यास्की गौड़ ने झारखंड प्रोफेशनल कांग्रेस की प्रदेश इकाई के काम की सराहना की। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पैनलिस्टों के सुझावों को नोट किया गया है। शिक्षा व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम जैसे विषयों पर काम किया जाएगा। साथ ही जल, जंगल और जमीन को लेकर प्रोफेशनल पैनल बनाने की बात भी कही।
झारखंड की चुनौतियों को पहचानकर मॉडल राज्य बनाने का लक्ष्य
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल कांग्रेस को ऐसे लोगों की पहचान करनी है, जो केवल अपने पेशे तक सीमित न रहें, बल्कि आम लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने की इच्छा रखते हों। ऐसे लोग, जो वंचित वर्गों को सशक्त बनाने, हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाने और सभी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा दिलाने के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ समानता और बराबरी की सोच भी जरूरी है। आदित्य विक्रम जायसवाल को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इस मंच से जुड़े लोगों का योगदान केवल दो-तीन घंटे के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। अगले दो वर्षों में अलग-अलग विषयों पर पेशेवरों के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ लिया जाएगा।
के. राजू ने कहा कि झारखंड की चुनौतियों को पहचानकर राज्य को एक मॉडल राज्य बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। लक्ष्य ऐसा झारखंड बनाना है, जहां हर परिवार को अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और विकास का अधिकार मिले। इसके लिए सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। लेखक, स्तंभकार एवं सार्वजनिक वक्ता सुवीर सरन ने कहा कि प्रोफेशनल कांग्रेस के माध्यम से उन्हें उस भारत को देखने का अवसर मिला, जिसके बारे में किताबों में पढ़ा जाता है और जिसका दुनिया सम्मान करती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब वह 19 साल के गरीब छात्र थे, तब अमेरिका पहुंचे थे और वहां उन्हें बहुत सम्मान मिला।
उन्होंने कहा कि वहां के लोगों को उनमें सरोजिनी नायडू, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे नेताओं के विचारों की झलक दिखाई दी। ये सभी दूरदर्शी नेता थे। सुवीर सरन ने कहा कि आज के कार्यक्रम में उन्हें ऐसे ही सोचने वाले और दूरदृष्टि रखने वाले लोग नजर आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है और देश में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जो युवाओं को सशक्त बनाने की क्षमता रखते हैं। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस का गठन वर्ष 2017 में हुआ था। इसका उद्देश्य प्रोफेशनल सेक्टर, हेल्थ सेक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों को एक मंच पर लाना है, ताकि वे नीतियां बनाने की प्रक्रिया में सरकार को अपने सुझाव और नजरिया दे सकें।
युवाओं के पलायन को रोकने और उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम के आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस की ओर से ‘थिंक 2029 – झारखंड’ सिम्पोजियम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभा, अवसर और संसाधनों की कमी नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रोफेशनल्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बुद्धिजीवियों और अर्थशास्त्रियों के साथ मिलकर ऐसी नीतियां बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। राज्य में ही औद्योगिक विकास, युवाओं के लिए रोजगार और घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि कार्यक्रम झारखंड प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य केवल संवाद करना नहीं, बल्कि नीतियों को जमीन पर उतारने का संकल्प लेना भी है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया। ‘थिंक झारखंड 2029’ के पैनलिस्ट के रूप में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभु नाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन, प्रभात अग्रवाल और अपर्णा गुप्ता ने अपने सुझाव रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीए भुवनेश ठाकुर, प्रभात अग्रवाल, रुद्र शुक्ला, मनीष जैन, इशिका, करिश्मा कुमारी, सिमरन कौर, अफसर इमाम, गौरव, सरवर पॉल, विकास आदित्य, अनिल सिंह, हिमांशु और दामोदर प्रसाद सहित अन्य लोगों की भूमिका रही।


