रांची : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शहर के घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। इसी क्रम में आज यानी बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एदलहातू तालाब, बड़गाईं तालाब और पीएचईडी तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने छठ पूजा समितियों से भी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
Read More : स्वच्छ शहरों की नई सूची जारी, नवी मुंबई पहले और सूरत दूसरे नंबर पर
तीन तालाबों के लिए अलग-अलग निर्देश
- एदलहातू तालाब: नगर आयुक्त ने तालाब के पानी में फिटकरी डालने और सभी संपर्क मार्गों की विशेष सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही यहां दो हाई मास्ट लाइट लगाने और पूरे परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
- बड़गाईं तालाब: इस तालाब में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने, पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने और पानी में फिटकरी डालने का निर्देश दिया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए संपर्क मार्गों की समुचित सफाई कराने को कहा गया।
- पीएचईडी तालाब: नगर आयुक्त ने यहां जरूरी पेंटिंग का काम पूरा कराने, घासों की कटाई करने और तालाब तक पहुंचने वाले सभी संपर्क मार्गों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर
नगर आयुक्त ने सभी छठ घाटों के साथ वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की भी विशेष सफाई कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि रास्तों से कंकड़-पत्थर, कचरा और अन्य अवरोध पूरी तरह हटाए जाएं, ताकि छठ व्रतियों को नंगे पैर आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छ वातावरण और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समय पर पूरी होंगी सभी तैयारियां
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। रांची नगर निगम का प्रयास है कि शहर के सभी छठ घाट स्वच्छ, सुरक्षित और रोशनी से जगमग रहें। श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक, निगम की टीम और छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।


