रांची : छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज यानी गुरुवार को उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने निगम की टीम के साथ हटनिया तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ घाटों की व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
Read More : रांची नगर निगम के दिवंगत कर्मी की पत्नी को मिला 10 लाख का बीमा चेक
साफ-सफाई और घाटों की मरम्मत पर जोर
निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त ने तालाब और घाट परिसर की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आवश्यक सिविल कार्यों को समय पर पूरा करने, पेड़ों की झुकी और अनावश्यक डालियों की छंटाई कराने तथा घाटों पर पेंटिंग का काम कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने पर जोर दिया गया।
पर्व से पहले पूरी होंगी तैयारियां
रांची नगर निगम का लक्ष्य छठ महापर्व से पहले घाटों से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूरे करना है। इससे श्रद्धालु स्वच्छ और व्यवस्थित घाटों पर शांतिपूर्ण ढंग से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे। नगर निगम ने बताया कि पर्व को ध्यान में रखते हुए घाटों की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यों की निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान निगम की टीम रही मौजूद
हटनिया तालाब के निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता और नगर निगम की टीम के अन्य सदस्य उपस्थित थे।




