रांची : दुर्गा पूजा 2026 को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने आज यानी सोमवार को शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निगम के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए। नगर निगम का लक्ष्य पूजा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करना है। इसके तहत सफाई, प्रकाश व्यवस्था, नालियों की सफाई, प्रवेश और निकास मार्गों तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Read More : निक्की प्रधान का खूंटी में भव्य स्वागत, जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
किन-किन पूजा पंडालों का किया निरीक्षण?
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सीएमपीडीआई, पंडरा महावीर मंदिर, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, धुर्वा, धुर्वा बस स्टैंड के पास स्थित पूजा पंडाल, वार्ड संख्या 48 और छप्पन सेठ समेत विभिन्न क्षेत्रों में तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंडालों और आसपास के इलाकों में स्वच्छता, रोशनी, नालियों की सफाई और श्रद्धालुओं के आने-जाने की व्यवस्था की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
पूजा समितियों की समस्याओं का जल्द समाधान करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान पूजा समितियों ने पथ प्रकाश, स्टोन डस्ट की उपलब्धता और पेड़ों की छंटाई समेत कई समस्याओं से नगर आयुक्त को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने निगम के अधिकारियों और अंचल स्तर की टीमों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडालों के उद्घाटन से पहले सभी लंबित कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
डस्टबिन, सुरक्षा और प्रवेश-निकास व्यवस्था पर जोर
नगर आयुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल परिसर में पर्याप्त डस्टबिन रखने और साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन करने, स्वयंसेवकों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य करने और प्रवेश तथा निकास के रास्ते स्पष्ट रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम, पूजा समितियों और अन्य संबंधित लोगों को मिलकर जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
24 घंटे सक्रिय रहेगा नगर निगम का कंट्रोल रूम
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची नगर निगम की टीम लगातार क्षेत्र में काम कर रही है। पूजा समितियों के साथ संपर्क और समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम का प्रयास है कि शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलें और वे सुविधाजनक माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की।
श्रद्धालुओं की सुविधा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर 24 घंटे सक्रिय रहेगा। किसी भी समस्या या सहायता की जरूरत होने पर इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, नगर प्रबंधक समेत निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




