पीएम मोदी ने भोगपुरम एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, आंध्र को मिली नई उड़ान

पीएम मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया।
पीएम मोदी

विजयनगरम : पीएम मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने आंध्र प्रदेश के विकास को लेकर कई बड़ी बातें कहीं और करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण और शिलान्यास किया। पीएम ने कहा कि आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास और ‘स्वर्ण आंध्र’ के विजन के लिए काफी अहम है। उन्होंने कहा कि शुभ अवसर और शुभ मास में उत्तर आंध्र की इस पवित्र भूमि पर आने का मौका मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

Read More : राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद पेपर लीक कानून लागू, 10 साल की सजा और 10 करोड़ तक जुर्माना

पीएम मोदी ने कहा कि जिन विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई है, वे सिर्फ एयरपोर्ट तक सीमित नहीं हैं। इनमें सड़क कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी कई योजनाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं इस बात की तस्वीर पेश करती हैं कि आंध्र प्रदेश इस समय कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

‘आंध्र की ग्रोथ का रनवे और युवाओं के लिए लॉन्च पैड’

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी खासियत यह है कि उन्होंने दो अलग-अलग क्षितिजों को एक साथ छुआ है। पीएम मोदी ने कहा कि एक ओर ऊंचे आसमान से जुड़ी व्यवस्था के रूप में एयरपोर्ट का निर्माण हुआ है, वहीं दूसरी ओर यहां की आदिवासी बहनों ने धिमसा नृत्य के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने चंद्रबाबू नायडू के इस विजन की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भोगपुरम का नया एयरपोर्ट आंध्र प्रदेश और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे बनेगा। यह राज्य के युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए लॉन्च पैड की तरह काम करेगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आंध्र प्रदेश के लोगों को बधाई दी।

एयरपोर्ट के नाम को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले जब नए एयरपोर्ट बनते थे, तो उनके नाम एक ही परिवार के नाम पर रख दिए जाते थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार ने इस परंपरा को बदला है और देश की विरासत व महान व्यक्तित्वों को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या के एयरपोर्ट को महर्षि वाल्मीकि के नाम से जोड़ा गया, जबकि पंजाब में एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखा गया। इसी कड़ी में भोगपुरम के नए एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के एविएशन सेक्टर ने तेज प्रगति की है। वर्ष 2014 तक देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट परिचालन में थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 166 हो गई है। उन्होंने कहा कि एक समय हवाई यात्रा बड़े शहरों और सीमित लोगों तक ही सिमटी हुई थी। अब एनडीए सरकार के दौरान छोटे शहरों के आम लोग भी हवाई सफर कर रहे हैं।

आंध्र प्रदेश का 7वां एयरपोर्ट, 17 अगस्त से शुरू होंगी उड़ानें

भोगपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आंध्र प्रदेश का 7वां एयरपोर्ट है। करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट से 17 अगस्त से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होने वाला है। राज्य सरकार का कहना है कि नया एयरपोर्ट उत्तर आंध्र को एक बड़े आर्थिक और औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद करेगा। इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ने, नए उद्योग आने और रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

जीएमआर ग्रुप ने इस एयरपोर्ट का विकास किया है। पहले चरण में इसकी क्षमता हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालने की होगी। भविष्य में विस्तार के बाद इसकी क्षमता बढ़ाकर सालाना 400 लाख यात्रियों तक करने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार के अनुसार, एयरपोर्ट से औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात, कौशल विकास और उत्तर आंध्र में बेहतर कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

13,500 आदिवासी महिलाओं ने किया धिमसा नृत्य

प्रधानमंत्री के पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान करीब 13,500 आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक धिमसा नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। हवाई अड्डे के परिसर को आंध्र प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली प्रदर्शिनियों से सजाया गया था। इनमें एतिकोप्पका की पारंपरिक कलाकृतियां और राज्य की भौगोलिक पहचान को दिखाने वाले कई रूपांकन शामिल थे।

प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने किया। इसके बाद पीएम ने धिमसा नृत्य का प्रदर्शन देखा और औपचारिक रूप से एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने पीएम को एयरपोर्ट की प्रमुख सुविधाओं और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी भी दी।

पीएम मोदी बोले- कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगी रफ्तार

पीएम मोदी ने अपने दौरे से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी भोगपुरम एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर खुशी जताई थी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी और आंध्र प्रदेश के विकास को तेज गति देगी। पीएम मोदी के अनुसार, एयरपोर्ट में आधुनिक तकनीक और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि नया एयरपोर्ट पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि टर्मिनल भवन में आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान की झलक दिखाई देती है।

पीएम मोदी ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर बना यह एयरपोर्ट देश की विरासत पर गर्व और भविष्य को लेकर उम्मीद का प्रतीक है। भोगपुरम के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी का कर्नाटक के मैसूरु जाने का कार्यक्रम है। वहां वह दोपहर 3:30 बजे श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र ‘विवेक स्मारक’ का उद्घाटन करेंगे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *