रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर चुनाव को लेकर टीम पी-21 ने बुधवार को स्थानीय होटल रांची में प्रेस वार्ता आयोजित कर “व्यापारी हेल्पलाइन” जारी की। टीम की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 9429694630 है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूनम आनंद ने कहा कि व्यापारी हेल्पलाइन शुरू करने का उद्देश्य प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और कारोबार से जुड़ी परेशानियों को सीधे टीम तक पहुंचाना है। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ प्रभावी संवाद की पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य चैंबर को हर व्यापारी तक पहुंचाना है। व्यापारी चाहे छोटा दुकानदार हो या बड़ा कारोबारी, उसकी समस्या हमारे लिए महत्वपूर्ण है। टीम पी-21 व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करेगी।
पूनम आनंद ने कहा कि टीम पी-21 का चुनावी अभियान केवल पद हासिल करने तक सीमित नहीं है। टीम व्यापारियों की रोजी-रोटी, दुकानों और कारोबार को सुरक्षित एवं मजबूत बनाने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि “देंगे हर व्यापारी का साथ, यह मन में है विश्वास” टीम पी-21 के लिए केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि काम करने का संकल्प है।
टीम के सदस्य शैलेंद्र सुमन ने कहा कि व्यापारी हेल्पलाइन के जरिए चुनावी अभियान को सीधे व्यापारियों से जोड़ने की कोशिश की गई है। व्यापारियों की समस्याओं को सुनने, उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने और समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ संवाद को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि व्यापारी हेल्पलाइन टीम पी-21 और व्यापारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। व्यापारी अपने कारोबार से जुड़ी किसी भी समस्या, सुझाव या विभागीय परेशानी को हेल्पलाइन के माध्यम से साझा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से मामला उठाना टीम की प्राथमिकता होगी। चैंबर को ऐसा मंच बनाने की जरूरत है, जहां हर व्यापारी अपनी बात बेझिझक रख सके।
मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों के सामने कई तरह की व्यावहारिक और प्रशासनिक चुनौतियां हैं। ऐसे में चैंबर की जिम्मेदारी केवल व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापारी हेल्पलाइन के माध्यम से जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी सीधे टीम तक पहुंचेगी और उन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। टीम पी-21 व्यापारी हितों की रक्षा और कारोबार के लिए बेहतर माहौल बनाने की दिशा में लगातार काम करेगी।
प्रेसवार्ता में अमित कुमार पाठक, अमित श्रीवास्तव, अमित सिंघानिया, अनीश सिंह राजपूत, अरूप नंदी, देओनंदन उरांव, मनोज कुमार मिश्रा, मनोज कुमार सिंह, एमडी सलीम, पंकज पीयूष, पवन कुमार गुप्ता, प्रमिला कुमार, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, प्रशांत कुमार, सजल श्रॉथ, संतोष कुमार, संतोष उरांव, शैलेंद्र सुमन, शंकर शंभु, सुबोध जायसवाल, सुमन शर्मा, सुनील अग्रवाल और सूरज सेठ समेत अन्य लोग उपस्थित थे।