नई दिल्ली : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचकर वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया और उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान को याद किया। संजय सेठ ने कहा कि राष्ट्र अपने उन वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा, जिनके पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान ने भारत की आन, बान और शान को अक्षुण्ण बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कारगिल के अमर वीरों का त्याग देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
Read More : JPSC भर्ती घोटाले पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा दावा, बोले- अफसर बनने का रेट 40 लाख
शीर्ष सैन्य अधिकारियों की रही मौजूदगी
श्रद्धांजलि समारोह में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन. एस. राजासुब्रमणि, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह तथा नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन भी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय समर स्मारक पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

वीरों के बलिदान को किया नमन
रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा में कारगिल के वीर जवानों द्वारा दिखाए गए अद्वितीय साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को भारत हमेशा कृतज्ञता के साथ स्मरण करेगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।




