रांची : राजधानी रांची को यातायात जाम से राहत दिलाने और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। रांची नगर निगम द्वारा कांके रोड स्थित राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बायपास होते हुए धुर्वा तक मॉडल कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसी सिलसिले में आज यानी बुधवार को रांची नगर निगम और स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) के अभियंताओं की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित कॉरिडोर का निरीक्षण किया और विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर आपसी समन्वय के साथ महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
Read More : रांची में स्वच्छता व्यवस्था होगी हाईटेक, शौचालयों के निर्माण के लिए ₹43.25 करोड़ स्वीकृत
सहजानंद चौक से जज कॉलोनी तक 3.5 किमी लंबा फ्लाईओवर
स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) द्वारा हरमू बायपास मार्ग को पूरी तरह जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। यह फ्लाईओवर सहजानंद चौक से पहले से शुरू होकर हरमू रोड एवं रातू रोड चौक को पार करते हुए कांके रोड स्थित जज कॉलोनी के पास समाप्त होगा। फिलहाल इस फ्लाईओवर परियोजना की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई है।

हरमू बायपास पर फिलहाल स्थगित रहेगा फुटपाथ निर्माण
संयुक्त निरीक्षण के दौरान भविष्य में होने वाली दोहरी लागत और कार्यों के दोहराव से बचने के लिए एक अहम फैसला लिया गया। इसके तहत रांची नगर निगम द्वारा वर्तमान में हरमू बायपास मार्ग पर पेवर ब्लॉक से कराए जा रहे पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ निर्माण कार्य को फिलहाल स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला फ्लाईओवर निर्माण के समग्र क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
फ्लाईओवर में होंगी आधुनिक नागरिक सुविधाएं
SHAJ के अभियंताओं ने बताया कि इस 3.5 किलोमीटर लंबी फ्लाईओवर परियोजना के साथ-साथ नीचे सर्विस लेन, मजबूत ड्रेनेज व्यवस्था (नाली), यूटिलिटी डक्ट और आधुनिक फुटपाथ जैसी सुविधाओं का निर्माण भी किया जाएगा। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पूरे कॉरिडोर का उच्च गुणवत्ता के साथ फिनिशिंग वर्क कराया जाएगा। निरीक्षण दल में रांची नगर निगम के अधीक्षण अभियंता गगनदेव बैठा, कार्यपालक अभियंता राम बदन सिंह, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक व सहायक अभियंता और SHAJ की ओर से कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता तथा कंसल्टेंट की टीम मुख्य रूप से मौजूद रही।




