महिला आरक्षण पर मोदी ने फिर दोहराया संकल्प, पुराना VIDEO किया पोस्ट

नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर एक बार फिर अपनी बात रखी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 53 सेकेंड का पुराना वीडियो शेयर किया। इसमें मोदी ने साफ कहा कि महिला आरक्षण की राह में जो

महिला आरक्षण

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर एक बार फिर अपनी बात रखी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 53 सेकेंड का पुराना वीडियो शेयर किया। इसमें मोदी ने साफ कहा कि महिला आरक्षण की राह में जो भी अड़चनें आएंगी, सरकार उन्हें दूर करेगी और अपना वादा पूरा करके रहेगी। उन्होंने विरोध करने वाली पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल महिलाओं को संसद और विधानसभा तक पहुंचने से नहीं रोक पाएंगे। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश की 100 फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। दरअसल, यह वीडियो 18 अप्रैल 2026 को देश के नाम दिए गए उनके संबोधन का हिस्सा है। शनिवार को उन्होंने उसी पुराने संबोधन की क्लिप फिर से सोशल मीडिया पर डाल दी।

Read More : झारखंड में अगले दो दिन बढ़ेगी ठंड, 3 डिग्री तक गिर सकता है पारा

उधर, लोकसभा में परिसीमन बिल को लेकर सरकार को अब कुछ और दलों का साथ मिलता दिख रहा है। शरद पवार की NCP (SP) और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के बाद अब शनिवार को एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने भी बिल के समर्थन का ऐलान कर दिया। इन तीनों पार्टियों के लोकसभा में कुल 34 सांसद हैं।

DMK के 22 सांसद करेंगे परिसीमन बिल का समर्थन

DMK की बैठक के बाद पार्टी सांसद ए. राजा ने कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़ाकर 59 की जानी चाहिए। पार्टी चाहती है कि सीटों में बढ़ोतरी के बावजूद संसद में तमिलनाडु की हिस्सेदारी करीब 7.2 प्रतिशत बनी रहे। लोकसभा में DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसद हैं। इन तीनों दलों का समर्थन मिलने से सरकार के पक्ष में सांसदों की संख्या 320 से बढ़कर 354 हो जाएगी। हालांकि, बिल पास कराने के लिए सरकार को अभी भी दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, लोकसभा में कुल 540 सांसदों के मौजूद रहने पर बिल पारित कराने के लिए 360 वोट चाहिए। ऐसे में तीनों दलों के समर्थन के बावजूद सरकार बहुमत से 6 वोट पीछे रहेगी।

लोकसभा में कैसे बनेगा बिल पास कराने का गणित?

परिसीमन बिल को लेकर लोकसभा में दो संभावित स्थितियां सामने आ रही हैं।

पहली स्थिति : सभी 540 सांसद उपस्थित रहे

  • कुल सांसद: 540

  • बिल पास कराने के लिए जरूरी वोट: 360

  • सरकार के मौजूदा वोट: 320

  • DMK के समर्थन से: 22

  • NCP (SP) के समर्थन से: 8

  • YSRCP के समर्थन से: 4

  • कुल संभावित समर्थन: 354

इस स्थिति में सरकार को बिल पास कराने के लिए 6 और सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। ऐसे में क्रॉस वोटिंग या अतिरिक्त दलों का समर्थन महत्वपूर्ण हो सकता है।

दूसरी स्थिति : सपा के 37 सांसद अनुपस्थित रहे

अगर समाजवादी पार्टी के सभी 37 सांसद मतदान के दौरान अनुपस्थित रहते हैं, तो सदन में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा घटकर 336 हो जाएगा। इस स्थिति में तीनों दलों के समर्थन के बाद सरकार के पक्ष में 354 वोट हो सकते हैं। यानी जरूरी आंकड़े से 18 वोट अधिक होंगे। ऐसे में बिल पारित कराने का रास्ता आसान हो सकता है।

राज्यसभा में भी सरकार के पक्ष में बन सकता है गणित

राज्यसभा में भी परिसीमन बिल को लेकर समर्थन का गणित सरकार के पक्ष में नजर आ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, राज्यसभा में कुल 243 सदस्य हैं। सभी सदस्यों के उपस्थित रहने पर दो-तिहाई बहुमत के लिए 162 वोटों की जरूरत होगी। सरकार के पास फिलहाल 151 वोट बताए गए हैं। वहीं, DMK के 8, NCP (SP) के 1 और YSRCP के 4 सांसदों का समर्थन मिलने पर यह संख्या 164 हो सकती है। इस तरह सरकार जरूरी आंकड़े से दो वोट अधिक हासिल कर सकती है।

INDIA ब्लॉक की बैठक में परिसीमन बिल पर चर्चा

परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक ने भी बैठक की। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित हुई। बैठक में DMK, NCP (SP), बीजू जनता दल और आम आदमी पार्टी को भी आमंत्रित किया गया था। हालांकि, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल ने अभी तक इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा के बाद अब सबकी नजर संसद में होने वाली आगे की कार्यवाही पर है।

सुप्रिया सुले के केंद्रीय मंत्री बनने की भी चर्चा

शनिवार सुबह राजनीतिक गलियारों में यह खबर सामने आई कि शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन कर सकती है। इसके बदले पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री बनाए जाने की चर्चा भी हुई। बताया गया कि पार्टी ने महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्री पदों की भी मांग की है। इससे पहले पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने इस मामले में अलग रुख रखते हुए कहा था कि बिल का ड्राफ्ट देखने और पार्टी के भीतर चर्चा करने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *