रांची : झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड और बढ़ेगी। हालांकि, अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के तीन जिलों रांची, खूंटी और लातेहार में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
Read More : MS धोनी का रांची में बनेगा 40 करोड़ का आलीशान घर, खुद पहुंचे निर्माण स्थल
लातेहार में सबसे कम 7.5 डिग्री रहा तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम आंकड़ों के मुताबिक, लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री और खूंटी में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के कारण इन जिलों में रात के समय लोगों को अधिक ठंड महसूस हुई।
3 दिसंबर तक सामान्य से कम रहेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पूरे झारखंड में 3 दिसंबर तक अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। उनके अनुसार, 28 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच राज्य में अधिकतम तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
4 दिसंबर से तापमान में बदलाव का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 से 10 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, फिलहाल अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है।


