रांची: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्षा गीता कोड़ा ने आगामी लोकसभा और राज्यसभा में पेश होने जा रही परिसीमन एवं महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए महिला आरक्षण के प्रति भाजपा और एनडीए की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है और महिलाओं के सपनों तथा देश के भविष्य के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमती कोड़ा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी केवल पूजनीय नहीं, बल्कि सूजन, शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व की प्रतीक रही है। हमारी सभ्यता में नारी को शक्ति स्वरूपा माना गया है। वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक भारतीय इतिहास महिलाओं के नेतृत्व और सामर्थ्य का साक्षी रहा है। भारत की परंपरा में नारी सशक्तीकरण कोई नया विचार नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण का अर्थ महिलाओं को केवल सुविधाएं देना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व का अवसर देना है। महिलाओं को लाभार्थी की भूमिका से आगे बढ़ाकर विकास की भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनाना आवश्यक है। महिला सशक्तीकरण तभी पूर्ण होगा, जब महिलाएं परिवार, समाज, अर्थव्यवस्था और राजनीति के प्रत्येक स्तर पर निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगी। महिला नेतृत्व किसी एक वर्ग का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज की प्रगति का आधार है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिला भागीदारी का ऐतिहासिक अध्याय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2023 में पारित 106वां संविधान संशोधन महिलाओं को विधायी संस्थाओं में एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक संवैधानिक पहल है। यह केवल आरक्षण का विषय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी और निर्णय क्षमता को संस्थागत स्वरूप देने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भारत की आधी आबादी को राष्ट्र के भविष्य के निर्णयों में उचित स्थान मिलना चाहिए। महिला आरक्षण राजनीतिक अधिकार के साथ-साथ सामाजिक परिवर्तन का भी माध्यम है। जब महिलाएं संसद और विधानसभाओं में पहुंचेंगी, तो लोकतंत्र में समाज के विविध अनुभवों और दृष्टिकोणों का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। महिलाओं की भागीदारी से नीति निर्माण और सार्वजनिक जीवन में संवेदनशीलता, समावेशिता और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण केवल सीटों का विस्तार नहीं, लोकतंत्र में महिलाओं के सम्मान और सहभागिता का विस्तार है। भारत की बेटियां अब केवल इतिहास बनाने वाली नहीं, बल्कि देश का भविष्य निर्धारित करने वाली नेतृत्वकर्ता बनेंगी। नारी शक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति है और नारी नेतृत्व विकसित भारत की आवश्यकता।
उन्होंने कहा कि जब आधी आबादी निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनेगी, तभी लोकतंत्र अपनी वास्तविक शक्ति प्राप्त करेगा। महिला सशक्तीकरण किसी सरकार की उपलब्धि भर नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। संसद में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भारत की लोकतांत्रिक चेतना की नई पहचान बनेगी। महिला आरक्षण राजनीति में महिलाओं के लिए अवसर का विस्तार है, किसी के अधिकारों का संकुचन नहीं।
नारी शक्ति को अवसर देना केवल महिलाओं का उत्थान नहीं। आने वाली पीढियों का भविष्य संवारना है।
उन्होंने कहा कि महिला नेतृत्व अगली पीढ़ी की बेटियों के लिए भी नए अवसरों और आत्मविश्वास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो वादा उन्होंने देश की आधी आबादी से किया था, उस वादे को पूरा कर रहे हैं।
श्रीमती कोड़ा ने दोनों ही बिल का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि यह दोनों ही बिल लोकसभा और राज्यसभा से ध्वनिमत के साथ पारित होगी एवं 2047 विकसित भारत की राह में एक मील पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा की कांग्रेस को परिसीमन बिल और आदिवासी सीट पर कुछ भी बोलने का हक नहीं है। याद कीजिये जब 2007 में परिसीमन लागू हो रहा था उस समय केंद्र की कांग्रेस सरकार झारखंड़ की 7 विधानसभा और एक लोकसभा की आदिवासी सीट को कम कर रही थी, लेकिन भारी विरोध के बाद झारखंड में परिसीमन को 2026 तक के लिए रोक दिया गया था।
श्रीमती कोड़ा ने झारखंड के सभी 14 लोकसभा सांसद एवम 6 राज्यसभा सांसदों से आग्रहपूर्वक अपील की कि इन दोनों ही बिल का समर्थन करें और ध्वनिमत से पारित कराने में सहयोग करें। प्रेसवार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित रहीं।



