रांची : राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को द छोटानागपुर हैंडलूम एंड खादी वीवर्स को-ऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड, इरबा (रांची) के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंजूर अहमद अंसारी ने की। इस दौरान यूनियन से संबद्ध विभिन्न प्राथमिक बुनकर समितियों के अध्यक्ष, प्रतिनिधि और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Read More : परिवार के साथ पौड़ी घूमने आ रहे ठेकेदार की गाड़ी हादसे का शिकार, 5 की मौत
सरकारी दफ्तरों व अस्पतालों में हैंडलूम वस्त्र खरीदने की मांग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंजूर अहमद अंसारी ने देश और राज्य के बुनकरों की मौजूदा आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि सरकारी अस्पतालों, सार्वजनिक उपक्रमों और सरकारी कार्यालयों में हस्तकरघा (हैंडलूम) निर्मित वस्त्रों की खरीद और उपयोग को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि इससे बुनकरों को नियमित रोजगार मिलेगा और उनके उत्पादों को एक स्थायी बाजार मिल सकेगा।
सांस्कृतिक विरासत और आजीविका का मुख्य जरिया
वक्ताओं ने कहा कि हस्तकरघा उद्योग देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत होने के साथ-साथ लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है, इसलिए इसे बचाने और बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर ठोस नीतियां बनाने की जरूरत है। कार्यक्रम में यूनियन के अध्यक्ष शरीफ अंसारी, पूर्व अध्यक्ष अनवार अहमद अंसारी, फिरोज अंसारी, नसीम अंसारी, परवेज आलम, इरफान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। संचालन मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी इश्तियाक अहमद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कुटटे प्राथमिक बुनकर सहयोग समिति लिमिटेड द्वारा किया गया।




