पौड़ी : उत्तराखंड के पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुंडाधार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हरिद्वार से पौड़ी आ रही एक बोलेरो (संख्या UK08 BL 0387) बेकाबू होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
Read More : JPSC आंदोलन पर CM हेमंत सोरेन की अपील: “छात्रों से वार्ता के लिए तैयार है सरकार”
हरिद्वार के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
मृतक पौड़ी में ठेकेदारी का काम करने वाले अफजाल का परिवार था। अफजाल खुद गाड़ी चलाकर अपने परिवार को पौड़ी घुमाने ला रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अफजाल (49 वर्ष), शब्बो (पत्नी अफजाल, 40 वर्ष), अन्नाविया (पुत्री अफजाल, 3 वर्ष), शादाब (पुत्र अफजाल, 14 वर्ष) और गुफरान (पुत्र अकबर, 34 वर्ष) सभी मृतक रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर (जनपद हरिद्वार) के रहने वाले थे।
राहत-बचाव कार्य और घायल बच्चा श्रीनगर रेफर
घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई से शवों को बाहर निकालकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में वाहन से छिटककर एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान अरमान पुत्र अफजाल के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद अरमान को मेडिकल कॉलेज/बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।




