पलामू : सदर अस्पताल पलामू के सामने अवैध रूप से संचालित रीमा सेवा सदन पर रविवार रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय पांडेय और सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने अस्पताल को सील कर दिया। जांच के दौरान रीमा सेवा सदन परिसर का वैध किरायानामा उपलब्ध नहीं मिला। इसके अलावा मौके पर कोई भी चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। अस्पताल में ऑपरेशन कक्ष, भर्ती मरीज व छुट्टी पंजिका और संबंधित चिकित्सकों के सहमति व अनुबंध पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज भी नहीं पाए गए।
Read More : जमशेदपुर में नुआखाई पर्व की धूम, मां समलेश्वरी को अर्पित होगा नया अन्न
ऑपरेशन थिएटर में मिली भारी गंदगी
निरीक्षण के दौरान जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट) के निस्तारण की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली और उसकी वैधता भी समाप्त हो चुकी थी। अस्पताल में अग्नि सुरक्षा उपकरणों का सर्वथा अभाव था। विशेषकर ऑपरेशन थिएटर में भारी गंदगी पाई गई। वहां बेहोशी देने की व्यवस्था नहीं थी और ऑपरेशन लैंप की जगह साधारण जांच लैंप का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा ऑपरेशन टेबल भी गंदा, क्षतिग्रस्त और फटा हुआ पाया गया, जिसे संक्रमण नियंत्रण की दृष्टि से गंभीर माना गया।
अवैध दवा दुकान का भी हुआ पर्दाफाश
अस्पताल परिसर में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण और दवाएं मौजूद नहीं थीं। वहीं परिसर के भीतर बिना किसी वैध लाइसेंस के दवा दुकान का संचालन भी किया जा रहा था।
भर्ती मरीजों को सदर अस्पताल कराया गया शिफ्ट
सभी कमियों और अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद रीमा सेवा सदन को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया गया। सीलिंग के समय वहां दो महिला मरीज भर्ती थीं, जिनका हाल ही में ऑपरेशन हुआ था। दोनों मरीजों को सुरक्षित सदर अस्पताल पलामू में भर्ती कराया गया है। सदर एसडीओ ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए विस्तृत जानकारी दी।




