चंबा : हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को पांगी-उदयपुर मार्ग पर कड़ू नाला के पास बड़ा हादसा हो गया। भूस्खलन के दौरान एक टाटा सूमो वाहन पर पहाड़ का मलबा और विशाल चट्टानें गिर गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में 12 से 15 लोग सवार थे। हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Read More : पेपर लीक पर केंद्र का बड़ा फैसला, सख्त सजा वाले विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन के पिछले हिस्से में आग लग गई थी, जिसे मौके पर मौजूद लोगों और जवानों ने बुझाने का प्रयास किया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मलबे में दबा वाहन और आग की लपटें दिखाई दे रही हैं।
हिमाचल में बड़ा हादसा : मलबे में दबी टाटा सूमो, 12-15 लोग थे सवार#himachalpradesh #ChambaNews #landslide #BreakingNews #JHLive #LatestNews pic.twitter.com/BgZwtKFFUd
— JH LIVE (@jhliveonline) July 24, 2026
सिग्नल नहीं होने से राहत कार्य में चुनौती
चंबा के DC मुकेश रेपसवाल ने बताया कि हादसा जिस क्षेत्र में हुआ है, वहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। इसके कारण घटनास्थल से जानकारी जुटाने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि यह इलाका लाहौल-स्पीति और चंबा जिले की सीमा पर स्थित है। DC के अनुसार, बीआरओ, लाहौल-स्पीति पुलिस और चंबा पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच रही हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने तेज किए राहत कार्य
भरमौर से BJP MLA डॉ. जनकराज ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया पर घटनास्थल की तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि पांगी-उदयपुर मार्ग पर टाटा सूमो वाहन पर पहाड़ गिरने से कई लोगों के हताहत होने की सूचना है। वाहन में करीब 15 लोग सवार थे। उन्होंने चंबा और लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने का आग्रह किया है। फिलहाल पुलिस और बचाव दल मौके पर अभियान चला रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।




