कोडरमा: अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को लेकर झारखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय, रांची की ओर से कोडरमा जिले को 14 नई बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
सभी नई बोलेरो में पुलिस स्टीकर, सायरन, पुलिस बत्ती और पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम लगाया गया है। इन सुविधाओं से पुलिस की गश्ती और आपातकालीन कार्रवाई को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी गती
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से जिले में गश्ती व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। किसी भी आपात स्थिति या घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहले की तुलना में अधिक तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई कर सकेगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों, विशेष अभियानों और आकस्मिक परिस्थितियों के दौरान भी इन वाहनों का इस्तेमाल पुलिस बल की त्वरित तैनाती के लिए किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने नए वाहन उपलब्ध कराने के लिए झारखंड सरकार का आभार जताया। नए वाहनों के मिलने से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की गश्ती और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।



