रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के सत्र 2026-27 के आगामी चुनाव की औपचारिक तिथियों की घोषणा कर दी गई है। शनिवार को चैंबर भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी चुनावी प्रक्रिया का ब्योरा साझा किया। चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि 62वीं वार्षिक आमसभा (AGM) का आयोजन शनिवार (12 सितंबर 2026) को चैंबर भवन में होगा। इसके अगले दिन यानी रविवार (13 सितंबर 2026) को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
Read More : राष्ट्रपति ने 48 शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ से किया सम्मानित, कहा- ‘शिक्षक ही राष्ट्र निर्माता’
4,214 मतदाता चुनेंगे 21 कार्यकारिणी सदस्य
चुनाव समिति के अनुसार, इस बार फेडरेशन के 21 कार्यकारिणी सदस्यों तथा 3 प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के चयन के लिए कुल 4,214 मतदाता अपने वोट का प्रयोग करेंगे। चैंबर से कुल 81 सम्बद्ध संस्थाएं जुड़ी हुई हैं। प्रमंडलवार मतदाताओं की स्थिति बताते हुए उन्होंने कहा कि कोल्हान में 115, कोयलांचल में 149, नॉर्थ छोटानागपुर में 97, पलामू में 100, संताल परगना में 68 तथा साउथ छोटानागपुर प्रमंडल में 59 मतदाता पंजीकृत हैं। चुनाव प्रक्रिया में केवल वही सदस्य हिस्सा ले सकेंगे, जिनका वित्तीय वर्ष 2026-27 का सदस्यता शुल्क बकाया नहीं है। सुविधा के लिए मतदान स्थल पर भी शुल्क भुगतान हेतु हेल्प डेस्क मौजूद रहेगा।
पारदर्शी तकनीक और फोटो युक्त कंप्यूटर वोटिंग व्यवस्था
चुनावी प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए मतदान केंद्र पर कुल 40 कंप्यूटर लगाए जाएंगे। सदस्यों को वोटिंग स्लिप खोजने में परेशानी न हो, इसके लिए एसएमएस के माध्यम से काउंटर नंबर और वोटर आईडी पहले ही भेज दिया जाएगा। सॉफ्टवेयर में विशेष व्यवस्था की गई है जिसके तहत मतदाताओं को पूरे 21 प्रत्याशियों को चुनना अनिवार्य होगा। यदि कोई मतदाता 21 से कम या अधिक उम्मीदवारों का चयन करेगा, तो सिस्टम वोट स्वीकार नहीं करेगा। मतदाताओं की पहचान के लिए स्क्रीन पर उम्मीदवार के नाम के साथ फोटो भी दिखेगी। मतदान के बाद सदस्यों के लिए दिगंबर जैन भवन में भोजन की व्यवस्था की गई है।
10 लाख कारोबारियों का प्रतिनिधित्व करता है फेडरेशन
चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर ने बताया कि झारखंड चैंबर प्रदेश के करीब 10 लाख व्यापारियों, उद्यमियों और पेशेवरों की शीर्ष प्रतिनिधि संस्था है। इस वजह से चुनाव को लेकर पूरे राज्य के कारोबारी वर्ग में भारी उत्साह है। प्रेस वार्ता के दौरान चुनाव समिति के सदस्य ललित केडिया और फेडरेशन अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा भी मौजूद रहे। समिति ने निष्पक्ष, पारदर्शी व सौहार्दपूर्ण चुनाव कराने की प्रतिबद्धता जताई तथा सदस्यों से यातायात को देखते हुए टू-व्हीलर का इस्तेमाल करने की अपील की।



