रांची : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली व अनियमितताओं के विरोध में 7 अगस्त को छात्रों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन और विधानसभा घेराव का आह्वान किया है। इस प्रदर्शन को देखते हुए झारखंड पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। विशेष रूप से छात्र नेता नेहा बोरा के इस आंदोलन में शामिल होने और अभ्यर्थियों से जुटने की अपील के बाद स्पेशल ब्रांच ने सतर्कता बढ़ा दी है। इस संबंध में विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच), झारखंड, रांची की ओर से एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। इसमें सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
Read More : हजारीबाग में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप
नेहा बोरा की अपील के बाद स्पेशल ब्रांच का अलर्ट
स्पेशल ब्रांच द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया पर ऐसे कई पोस्ट सामने आए हैं जिनमें छात्र नेता नेहा बोरा ने अभ्यर्थियों से 7 अगस्त को होने वाले आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। मिली जानकारी के अनुसार आंदोलनकारी छात्र पहले विधानसभा मार्च करेंगे और इसके बाद निर्धारित धरना-प्रदर्शन स्थल पर एकत्रित होकर अपनी मांगों को रखेंगे। सोशल मीडिया के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं और अभ्यर्थियों को इस प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन को आशंका है कि अचानक भारी भीड़ जुटने से शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात
छात्र आंदोलन और संभावित विधानसभा घेराव को देखते हुए स्पेशल ब्रांच ने राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (SP), वरीय पुलिस अधीक्षकों (SSP) और संबंधित थाना अधिकारियों को प्रशासनिक चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मामले का सत्यापन करें और आवश्यकतानुसार विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, आंदोलन को लेकर की गई किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई की पल-पल की रिपोर्ट विशेष शाखा को भेजने का निर्देश दिया गया है।




