हजारीबाग : जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित सलगावां गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग सलगावां पहुंचे और ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। कटकमदाग थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय फूल कुमारी के रूप में हुई है। वह बड़कागांव प्रखंड के तलसवार गांव निवासी नारायण साव की पुत्री थीं। वर्ष 2018 में उनकी शादी सलगावां के रहने वाले विकास कुमार साव के साथ हुई थी। दोनों के तीन छोटे बच्चे हैं।
Read More : अदालतों में बंद होंगे आपत्तिजनक शब्द, SC की समिति ने जजों के लिए जारी की नई गाइडलाइन
प्रताड़ना और नशे की लत बनी हत्या का कारण
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति विकास कुमार साव गंभीर रूप से नशे का आदी था। वह अक्सर अपनी पत्नी फूल कुमारी के साथ मारपीट और शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने नशे के चक्कर में घर के सभी जेवरात तक बेच दिए थे। लगातार दी जा रही इसी प्रताड़ना के कारण उसने अपनी पत्नी की जान ले ली।
मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद मृतका की मां चैती देवी ने कटकमदाग थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। चैती देवी ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि मृतका की मां द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी पति विकास कुमार साव को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले के सभी कानूनी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एकत्र किए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान यदि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।




