रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की स्किल डेवलपमेंट सब-कमेटी और बीआईटी मेसरा के संयुक्त तत्वावधान में ‘AI Uses in Business’ विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन चैंबर भवन में किया गया। FJCCI और बीआईटी मेसरा के बीच हाल ही में हस्ताक्षरित एमओयू (MoU) के बाद यह पहला संयुक्त बड़ा आयोजन रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए FJCCI के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वर्तमान दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) किसी भी व्यवसाय की प्रगति के लिए एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। नई तकनीकों को अपनाकर ही उद्योग-व्यापार क्षेत्र भविष्य की प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकता है। वहीं, महासचिव रोहित अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि चैंबर अपने सदस्यों, उद्यमियों और युवाओं के कौशल विकास के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के तकनीकी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
बीआईटी मेसरा के विशेषज्ञों ने दी व्यावहारिक ट्रेनिंग
कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं बीआईटी मेसरा के विशेषज्ञ डॉ. सत्यजीत महतो ने व्यवसाय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव, विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में इसके व्यावहारिक उपयोग, वर्क-एफिशिएंसी बढ़ाने, निर्णय प्रक्रिया को सटीक बनाने और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान बीआईटी मेसरा के डॉ. आशुतोष मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्किल डेवलपमेंट सब-कमेटी के चेयरमैन आलोक सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस एमओयू के माध्यम से भविष्य में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, इनोवेशन, लीडरशिप और नई तकनीकों पर नियमित वर्कशॉप व ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।
चैंबर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में FJCCI के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया व राम बांगड़, संयुक्त सचिव नवजोत अलंग व रोहित पोद्दार और कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यशाला का संचालन स्किल डेवलपमेंट सब-कमेटी की सदस्य खुशबू सिंघानिया ने किया, जबकि सब-कमेटी के चेयरमैन प्रियंक भगत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस वर्कशॉप में विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।



