रांची : रांची नगर निगम द्वारा हाल के दिनों में ऐतिहासिक व्यावसायिक केंद्र अपर बाजार के व्यापारियों को भवन खाली करने का निर्देश दिए जाने पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस मुद्दे को लेकर सोमवार को झारखंड चैंबर का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार से मिला और ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों को जारी नोटिस तत्काल निरस्त करने की मांग की।
Read More : संसद मॉनसून सत्र : विपक्षी हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
नगर निगम का फरमान ‘तुगलगी’, 10 हजार परिवारों पर आजीविका का संकट: आदित्य मल्होत्रा
मंत्री से मुलाकात के बाद चैंबर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम का दुकान खाली कराने का आदेश एक तुगलगी फरमान है। अपर बाजार में 600 से अधिक दुकानें हैं, जिनसे 10 हजार से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है और इतने ही परिवारों का भरण-पोषण हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से अपील की कि वे इस नोटिस को निरस्त कराएं और चैंबर के साथ वार्ता कर व्यावहारिक समाधान निकालें।
बकरी बाजार में बने टू-लेयर पार्किंग, हटे निगम का स्टोर
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि अपर बाजार में लंबे समय से बकरी बाजार में मल्टी-स्टोरेज (टू-लेयर) पार्किंग बनाने का आग्रह किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई। इसके अतिरिक्त, चैंबर ने आरोप लगाया कि नगर निगम ट्रैफिक जाम का बहाना बना रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि उसी व्यस्त बाजार में नगर निगम ने अपना वाहन पड़ाव (स्टोर) बना रखा है, जिससे हर दिन जाम लगता है। चैंबर ने निगम के स्टोर को वहां से हटाकर तुरंत व्यवस्थित पार्किंग स्टॉल बनाने की मांग की।
व्यापारियों में डर का माहौल, सरकार करे हस्तक्षेप
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष आर.के. सरावगी और पवन शर्मा ने कहा कि अपर बाजार झारखंड के आर्थिक विकास की रीढ़ है। बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के नोटिस जारी करना पूरी तरह अनुचित है और इससे व्यवसायियों में भय व असमंजस का माहौल बन गया है। उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग और कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि एक तरफ राज्य सरकार देश-विदेश से निवेशकों को आमंत्रित कर रही है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय नगर निगम बसे-बसाए व्यापार को उजाड़ने में लगा है। इस दौरान कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, डॉ. अभिषेक रामाधीन, विकास विजयवर्गीय, अमित शर्मा और अंजय सरावगी समेत कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।



