फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सम्मानित सदस्य एवं पूर्व सांसद बृजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर आज झारखण्ड चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर झारखण्ड के व्यवसायियों एवं उद्यमियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि चैंबर के सम्मानित सदस्य को संवैधानिक पद पर आसीन होते देखना पूरे व्यवसाय एवं उद्योग जगत के लिए गौरव का विषय है। उनकी इस उपलब्धि से झारखण्ड का व्यवसायी एवं उद्यमी समाज गौरवान्वित है।
बृजमोहन राम ने भी झारखण्ड चैंबर का सदस्य होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि चैंबर के माध्यम से व्यवसायियों एवं उद्यमियों की जो भी समस्याएँ उनके संज्ञान में आएंगी, उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आगामी 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में चैंबर अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को आमंत्रित किया।
प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।



