बोकारो/बेरमो: कोयला मजदूरों की राजनीति में एक बार फिर बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह का दबदबा कायम हुआ है। इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन (इंटक) के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें तीसरी बार अध्यक्ष चुना गया है। लेकिन यह सिर्फ एक संगठनात्मक चुनाव नहीं है। इसके पीछे पिता राजेंद्र प्रसाद सिंह की मजदूर राजनीति की विरासत, इंटक के भीतर लंबे समय से चले आ रहे विवाद, ददई दुबे जैसे दिग्गजों का संघर्ष और कोयला मजदूरों के प्रतिनिधित्व की लड़ाई की कहानी भी छिपी है.।मध्य प्रदेश के उमरिया स्थित बांधवगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के अंतिम दिन 22 नवंबर 2026 को जयमंगल सिंह को सर्वसम्मति से तीसरी बार अध्यक्ष चुना गया। इससे पहले 2020 में पिता राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन के बाद उन्हें संगठन की कमान मिली थी। 2022 में पुरी में हुए अधिवेशन में भी वे निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। अब तीसरी बार उनकी ताजपोशी हुई है.
पिता राजेंद्र प्रसाद सिंह की विरासत, बेटे ने संभाली मजदूर राजनीति
अनूप सिंह की इस राजनीतिक और संगठनात्मक सफलता के पीछे उनके पिता स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह की लंबी मजदूर राजनीति की विरासत है। राजेंद्र प्रसाद सिंह सिर्फ झारखंड सरकार में मंत्री और बेरमो के विधायक ही नहीं थे, बल्कि कोयला मजदूरों के बीच उनकी मजबूत पकड़ थी. वो इंटक के राष्ट्रीय महासचिव और इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन के अध्यक्ष रहे थे। कोल इंडिया की संयुक्त द्विपक्षीय समिति (JBCCI) में भी उन्होंने मजदूरों का प्रतिनिधित्व किया था। पिता के निधन के बाद 2020 में अनूप सिंह को फेडरेशन की कमान मिली। इसके बाद उन्होंने 2022 में पुरी अधिवेशन में अध्यक्ष पद पर अपनी स्थिति मजबूत की और अब 2026 में तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं।
इंटक आखिर है क्या, कोयला मजदूरों के लिए क्यों महत्वपूर्ण?
इंटक का पूरा नाम इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) है. इसकी स्थापना 3 मई 1947 को हुई थी। यह कांग्रेस से संबद्ध देश के प्रमुख केंद्रीय श्रमिक संगठनों में से एक है। इसका उद्देश्य मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, बेहतर वेतन, सामाजिक सुरक्षा, सुरक्षित कार्यस्थल और श्रमिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करना है। कोयला उद्योग में इंटक से संबद्ध इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन (INMF) सक्रिय है. इसका दायरा कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल, एमसीएल, एसईसीएल, एनसीएल और डब्ल्यूसीएल तक फैला है।
कैसे होता है इंटक के अध्यक्ष का चुनाव?
इंटक के अध्यक्ष पद के चुनाव को समझने के लिए इसके संगठनात्मक ढांचे को समझना जरूरी है। इंटक के संविधान के मुताबिक इसकी संबद्ध यूनियनों से सदस्य संख्या के आधार पर प्रतिनिधि चुने जाते हैं। प्रत्येक 500 सदस्यों या उसके किसी हिस्से पर एक प्रतिनिधि का प्रावधान है। इसके बाद प्रतिनिधि महासभा (जनरल काउंसिल) के सदस्यों का चुनाव करते हैं. प्रत्येक 5,000 सदस्यों या उसके हिस्से पर एक जनरल काउंसिल सदस्य चुना जाता है, निर्धारित सदस्यता शर्तों के साथ। यही जनरल काउंसिल अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वर्किंग कमेटी के सदस्यों का चुनाव करती है। हालांकि, यहां एक महत्वपूर्ण अंतर समझना जरूरी है। अनूप सिंह का चुनाव इंटक की राष्ट्रीय इकाई के अध्यक्ष के रूप में नहीं, बल्कि इंटक से संबद्ध इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हुआ है।



