रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवा दस्ता ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को युवा दस्ता के मुख्य मंच का उद्घाटन एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार, एएसपी निखिल राय और युवा दस्ता के मुख्य संरक्षक कुणाल आजमानी ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन समारोह में युवा दस्ता के संस्थापक राजीव रंजन मिश्रा, संरक्षक राहुल सिन्हा चंकी, वरिष्ठ युवा समाजसेवी महेश चंद्र, सागर कुमार, सुजीत दुबे, बृजेश सिंह, मिंटू सिंह और गोपाल पारीक समेत कई लोग मौजूद रहे।
समारोह की अध्यक्षता युवा दस्ता के अध्यक्ष राजेश गुप्ता छोटू और मदन साहू ने की। कार्यक्रम का संचालन पीयूष आनंद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन युवा दस्ता के महामंत्री ज्योति शंकर साहू ने किया।
इस मौके पर पहुंचे अतिथियों का युवा दस्ता के सदस्यों मंटू दुबे, ज्योति शंकर साहू, अरविंद जैसवाल, अखिलेश शर्मा और नवनीत पांडेय ने चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया।
प्रशासन ने सदस्यों को दिए परिचय पत्र
एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार ने युवा दस्ता के सदस्यों को प्रशासन के हस्ताक्षरयुक्त परिचय पत्र सौंपे। इसके बाद सभी सदस्यों को अलग-अलग पूजा पंडालों में तैनाती के लिए रवाना किया गया।
धनंजय कुमार ने कार्यकर्ताओं से दुर्गा पूजा को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की परेशानी दूर करने में मदद करेगा युवा दस्ता
युवा दस्ता के संस्थापक राजीव रंजन मिश्रा ने कहा कि मां भवानी के दर्शन करने आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी होती है, तो वह तुरंत दस्ता के सदस्यों से संपर्क कर सकता है। सदस्यों की कोशिश होगी कि समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
उन्होंने श्रद्धालुओं से खास अपील करते हुए कहा कि अपने साथ आने वाले बच्चों और बुजुर्गों की जेब में उनका नाम, पता और फोन नंबर लिखकर जरूर रखें। इससे भीड़ में किसी के बिछड़ जाने पर युवा दस्ता के सदस्य उनकी पहचान कर उन्हें घर तक पहुंचाने में मदद कर सकेंगे।
सैकड़ों सदस्य और क्षेत्रीय प्रभारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में मंटू दुबे, अभय सिंह, विकास राज, राज किशोर प्रसाद, प्रकाश चंद्र सिन्हा, राकेश सिंह, अभिनव पासवान, नवनीत पांडेय, करण पाठक, विकास धर दुबे, टिंकू महतो, राजेश राम, सागर कुमार, सोनू पटवा, डॉ. ए.के. लाल और अरविंद जैसवाल समेत युवा दस्ता के सभी क्षेत्रीय प्रभारी और सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।
युवा दस्ता ने दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सहयोग उपलब्ध कराने की तैयारी की है।




