रांची: धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (DIT) द्वारा निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन मामले से संबंधित राज्य सरकार की अपील (LPA) पर सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार को बड़ी राहत देते हुए मामले में सीबीआई जांच की रोक को संपुष्ट (कंफर्म) करते हुए सरकार की अपील निष्पादित कर दी।
also read : वेस्ट बंगाल नहीं अब पश्चिम बंग कहिए: शुभेंदु कैबिनेट से मिली मंजूरी, नौ दिसंबर को प्रस्ताव लाने की तैयारी
सरकार की ओर से महाधिवक्ता रोहित राय और अपर महाधिवक्ता आशुतोष आनंद ने पक्ष रखा. अपील की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने हाई कोर्ट के एकल पीठ में दायर अपनी रिट याचिका को वापस ले लिया है।
दरअसल, पूर्व की सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से अदालत को बताया गया था कि हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में मामले में प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज कर ली गई है। वहीं, राज्य सरकार ने खंडपीठ को बताया था कि 9 सितंबर 2025 को धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को केवल 60 विद्यार्थियों के नामांकन की अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद संस्थान ने 138 विद्यार्थियों का नामांकन ले लिय।
सरकार के अनुसार, निर्धारित संख्या से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन करने के बावजूद संस्थान ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की थी। इस याचिका पर 12 और 13 जनवरी को सुनवाई हुई थी। 13 जनवरी को एकल पीठ ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। इस आदेश के खिलाफ राज्य सरकार और झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT) ने खंडपीठ में अपील दायर की थी।
also read ; झारखंड में कल से साफ होगा मौसम, 3 से 5 डिग्री गिरेगा पारा
हाईकोर्ट के जस्टिस राजेश कुमार की अदालत ने बीते 13 जनवरी को धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने से रोके जाने के मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया था। अदालत ने प्रथम दृष्टया इसे विद्यार्थियों को फंसाने और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ का मामला माना था। साथ ही, सीबीआई को झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) की भूमिका की जांच करने का निर्देश दिया था।
अदालत ने सीबीआई से यह पता लगाने को कहा था कि AICTE और JUT की ओर से विद्यार्थियों को किस तरह इस स्थिति में डाला गया और पूरे मामले में किस अधिकारी या संस्थान की क्या भूमिका रही। धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने हाईकोर्ट की एकल पीठ में दायर अपनी रिट याचिका में दावा किया था कि AICTE ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 30 अप्रैल 2025 को संस्थान को विधिवत स्वीकृति प्रदान की थी। AICTE की इस स्वीकृति के आधार पर ही उसने विद्यार्थियों का नामांकन किया था।
also read: कोडरमा में लगेंगे AI टावर, हाथियों की लोकेशन मिलते ही गांवों में बजेगा अलर्ट


