हेमंत सोरेन ने 3,044 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, विदेश में भी नौकरी

रांची : झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन के जरिए ट्रेनिंग पाने वाले 3,044 युवक-युवतियों को नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंप दिया है। इनमें करीब 500 युवा ऐसे हैं, जिन्हें

युवाओं

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन के जरिए ट्रेनिंग पाने वाले 3,044 युवक-युवतियों को नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंप दिया है। इनमें करीब 500 युवा ऐसे हैं, जिन्हें संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और दुबई में काम करने का मौका मिलने जा रहा है। यानी अब झारखंड के ये युवा विदेश में भी अपनी हुनर का जलवा दिखाएंगे। नियुक्ति पत्र बांटने के मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने युवाओं से कहा कि सरकार उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार चाहती है कि यहां के युवा हुनरमंद बनें और अपने दम पर रोजगार हासिल करें।

सीएम ने कहा कि आज के जमाने में तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे में युवाओं को भी समय के साथ अपना हुनर बढ़ाना होगा और नई तकनीक सीखनी होगी। खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए सरकार अब युवाओं को AI की ट्रेनिंग देने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए IIT मद्रास और प्रेझा फाउंडेशन के साथ समझौता (एमओयू) किया गया है। वहीं, TVS ग्रुप के साथ हुए करार का मकसद ट्रेनिंग पा चुके युवाओं को नौकरी के बेहतर मौके दिलाना है।

Read More : झारखंड में धान भुगतान में देरी से किसान परेशान, आदित्य साहू ने सरकार को घेरा

बदलाव के साथ नहीं चले तो पीछे छूट जाएंगे : हेमंत सोरेन

सीएम ने कहा कि बदलती तकनीक और हालात के हिसाब से खुद को तैयार रखना जरूरी है। उन्होंने HEC का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी इस संस्थान के दम पर देश के कई उद्योग खड़े हुए थे, लेकिन समय के साथ बदलाव नहीं करने का नतीजा है कि आज यह नीलामी की कगार पर पहुंच गया है।

पायलट ट्रेनिंग से लेकर खनन क्षेत्र में रोजगार की तैयारी

हेमंत सोरेन ने कल्याण विभाग की पायलट ट्रेनिंग योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करीब दस साल पहले विभाग ने पायलट प्रशिक्षण देने की पहल की थी, लेकिन ट्रेनिंग देने वाली कंपनी फर्जी निकली। इससे विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया। इसके बाद सरकार ने अपने स्तर पर पायलट ट्रेनिंग सेंटर शुरू करने की पहल की। सीएम के मुताबिक, फिलहाल 15 चयनित बच्चों की कॉमर्शियल पायलट ट्रेनिंग का खर्च सरकार उठा रही है। इसके साथ ही एयर होस्टेस ट्रेनिंग की व्यवस्था करने की भी तैयारी है। सीएम ने कहा कि झारखंड के 12 से 14 जिले खनन गतिविधियों से प्रभावित हैं। यहां 40 से 50 साल तक खनन का काम चलता है। ऐसे में आने वाली पीढ़ियों के रोजगार और आजीविका के बारे में अभी से सोचना होगा। उन्होंने प्रेझा फाउंडेशन को खनन, स्टील और पावर सेक्टर में नौकरी के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करने का सुझाव दिया।

सेमीकंडक्टर उद्योग में काम कर रहीं गिरिडीह की पूनम

प्रेझा फाउंडेशन के अध्यक्ष टी.वी. नरेंद्रन ने वीडियो संदेश के जरिए युवाओं की ट्रेनिंग और रोजगार से जुड़ी उपलब्धियां बताईं। उन्होंने गिरिडीह की पूनम कुमारी का उदाहरण दिया। पूनम सेमीकंडक्टर चिप उद्योग में काम कर रही हैं और उन्हें एडवांस ट्रेनिंग के लिए मलेशिया भेजा गया था। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में एक हजार से ज्यादा प्रशिक्षित युवाओं को नौकरी मिली है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान भी अपनी भूमिका निभा रहा है।

विदेश में पढ़ाई के लिए अब सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया भी होंगे शामिल

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपा नंद झा ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन शिक्षा और रोजगार को लेकर गंभीर हैं। विभाग भी इस दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत लाभुकों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है। अभी इस योजना के तहत विद्यार्थियों को इंग्लैंड और नॉर्थ आयरलैंड के विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के लिए भेजा जा रहा है। अब इसका दायरा बढ़ाकर सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया को भी शामिल करने की तैयारी है। इसके अलावा कल्याण विभाग के सभी हॉस्टलों में विद्यार्थियों को मुफ्त भोजन देने की व्यवस्था भी अंतिम चरण में है। इसके तहत उन्हें मुख्यमंत्री पोषण योजना का लाभ मिलेगा।

दुमका में जल्द शुरू होगा आवासीय नर्सिंग कॉलेज

राज्य में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए IIT के पूर्व छात्रों की पहल पर प्रेझा फाउंडेशन का गठन किया गया है। फिलहाल इसके जरिए 34 संस्थान चलाए जा रहे हैं। दुमका में बनकर तैयार आवासीय नर्सिंग कॉलेज को भी जल्द शुरू करने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग भी प्रेझा फाउंडेशन के साथ मिलकर काम करने की दिशा में पहल कर रहा है।

34 संस्थानों से प्रशिक्षित 3,044 युवाओं को मिली नौकरी

कल्याण विभाग और प्रेझा फाउंडेशन की ओर से राज्य में कुल 34 प्रशिक्षण संस्थान चलाए जा रहे हैं। इनमें 25 कल्याण गुरुकुल, 8 नर्सिंग कॉलेज और एक ITI कॉलेज शामिल हैं। इन संस्थानों से प्रशिक्षण लेकर नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं का आंकड़ा इस तरह है:

  • 2,014 युवा कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षित हैं।

  • 746 युवा नर्सिंग कौशल कॉलेज से आए हैं।

  • 284 युवा ITI कौशल कॉलेज से प्रशिक्षित हैं।

इन युवाओं को मैक्स हेल्थ केयर, दिल्ली, न्यू बॉर्न चाइल्ड हॉस्पिटल, रांची, अंबुजा हेल्थ केयर हॉस्पिटल, रायपुर, क्लाउड हेल्थ केयर, दिल्ली, TVS सप्लाई चेन, चेन्नई और वोल्टास, दुबई समेत कई संस्थानों में नौकरी मिली है। कार्यक्रम में दुबई और बेंगलुरु में काम कर रहे युवा भी ऑनलाइन जुड़े। इसके साथ ही प्रेझा फाउंडेशन के सभी 34 संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी ऑनलाइन हिस्सा लिया और अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री चमरा लिंडा, विकास आयुक्त सह प्रेझा फाउंडेशन के को-चेयरमैन अजय कुमार सिंह और आदिवासी कल्याण आयुक्त समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सीएम ने ऑनलाइन जुड़े युवाओं से बातचीत की, उनके अनुभव और फीडबैक जाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *