खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में DC के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने गुरुवार को अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। खूंटी-चाईबासा मार्ग (NH-75E) पर इंडियन ऑयल डिपो अनिगड़ा के पास सड़क पर बेतरतीब खड़े टैंकरों पर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) हरिशंकर बारी, स्थानीय अंचल अधिकारी और मुरहू थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे खड़े टैंकर वाहनों को तुरंत हटवाया।
Read More : धनबाद कोयला घोटाला : ED ने कारोबारी LB सिंह की पत्नी समेत पांच को भेजा समन
कार्रवाई के दौरान यातायात बाधित करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कुल 45 हजार रुपये का ऑनलाइन चालान काटा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से सड़क की सतह तो खराब हो ही रही है, साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है। अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक के साथ बैठक कर डिपो प्रबंधन को सख्त हिदायत दी। उन्होंने वाहन चालकों को निर्देश दिया कि टैंकरों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें और मुख्य सड़क पर वाहन पार्क न करें।
सड़क मरम्मत के लिए भेजा गया पत्र
जिला परिवहन पदाधिकारी हरिशंकर बारी ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सड़क की खराब स्थिति की मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, पथ प्रमंडल चाईबासा को आधिकारिक पत्र भेजा गया है।




