धनबाद : धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े कथित घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा कदम उठाया है। ED ने धनबाद के प्रमुख कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह समेत कुल पांच लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। एजेंसी की यह कार्रवाई 28 जुलाई को धनबाद और आसपास के इलाकों में चलाए गए व्यापक छापेमारी अभियान के बाद सामने आई है।
Read More : समाज और राजपरिवार के कड़े नियम तोड़ भक्ति मार्ग पर चलीं मीराबाई : संजीव विजयवर्गीय
ED ने एलबी सिंह के तीन रिश्तेदारों और अनिल गोयल से जुड़े दो सहयोगियों को क्षेत्रीय कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है। जारी समन के मुताबिक, आरती सिंह को 20 अगस्त, विश्वविजय सिंह को 14 अगस्त और रंजीत कुमार सिंह को 17 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा अनिल गोयल से जुड़े शब्बीर आलम और महेंद्र सिंह को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड फ्रीज
ED ने 28 जुलाई को धनबाद और उसके आसपास कुल 31 ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली थी। जांच एजेंसी के अनुसार, इस दौरान एलबी सिंह से जुड़े करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने लगभग 1.02 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी, कई डिजिटल उपकरण और वित्तीय लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए थे।
200 से अधिक अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद
जांच के दौरान ईडी को 200 से ज्यादा चल और अचल संपत्तियों के सेल डीड और अन्य कागजात मिले हैं। एजेंसी फिलहाल इन दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर रही है। ED को संदेह है कि अवैध कोयला कारोबार से कमाए गए पैसों का इस्तेमाल बेनामी संपत्तियां खरीदने और अलग-अलग वित्तीय माध्यमों से धन को वैध बनाने (मनी लॉन्ड्रिंग) के लिए किया गया था।
नवंबर 2025 में भी हुई थी बड़ी छापेमारी
इससे पहले ईडी ने नवंबर 2025 में भी धनबाद और आसपास के इलाकों में छापेमारी की थी। यह जांच अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी, लोडिंग के नाम पर रंगदारी और अवैध लेवी वसूली के मामलों से जुड़ी हुई है। 28 जुलाई की कार्रवाई के बाद अब एलबी सिंह के करीबियों को समन भेजा जाना इस जांच का अगला अहम चरण माना जा रहा है।




