रांची: राजधानी रांची के रातू रोड स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर (श्रीतिरुपति बालाजी) मंदिर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान वेंकटेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और पुष्प श्रृंगार किया गया। अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और सुख-शांति, समृद्धि तथा आयु-आरोग्य की कामना की। भगवान श्रियःपति वेंकटेश्वर का सुगंधित चंदन, उत्तम गंध, कुंकुम, गंगाजल, पुष्प और तुलसी दल से पूजन किया गया। कर्पूर और खस मिले कुंकुम से भगवान गरुड़ध्वज के अंगों पर लेप किया गया। इसके बाद सुंदर पुष्प और सुगंधित सामग्री से भगवान की अभ्यर्चना की गई।
Read More : रांची में 1000 लाभुकों को मिले 2.90 करोड़ रुपये, पलाश-JSLPS की बड़ी पहल
महाआरती के बाद हुआ भव्य पुष्प श्रृंगार
पुरुष सूक्तादि मंत्रों और पांचरात्र आगम शास्त्र में बताई गई विधि के अनुसार भगवान की नित्य आराधना की गई। पापविमोचन पद्मावती वल्लभ भगवान की पूजा के बाद महाआरती और नैवेद्य भोग अर्पित किया गया। इसके बाद रजनीगंधा और गुलाब के फूलों से तैयार मालाओं से मंदिर में विराजमान सभी विग्रहों का भव्य श्रृंगार किया गया। कार्तिक व्रत का उद्यापन भी किया गया। इस अवसर पर वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ महास्तुति हुई। पुष्प श्रृंगार के यजमान अंश जय सवाल रहे, जबकि दिनभर के भोग निवेदन की सेवा रांची निवासी अंबुज कुमार की ओर से की गई।
कार्तिक की अंतिम तीन तिथियों का विशेष महत्व
मंदिर की ओर से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अंतिम तीन तिथियों यानी त्रयोदशी, चतुर्दशी और पूर्णिमा का धार्मिक महत्व भी बताया गया। मान्यता के अनुसार, भगवान द्वादशी तिथि को शयन से उठे, त्रयोदशी को देवताओं से मिले और चतुर्दशी को सभी ने उनके दर्शन एवं पूजन किए। इसी कारण इन तिथियों में भगवान की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इन तीनों पुण्यमयी तिथियों को जीवों का कल्याण करने वाली और पापों का नाश करने वाली बताया गया है। इन्हें अति पुष्करिणी संज्ञा भी दी गई है।
अर्चकों ने विधि-विधान से संपन्न कराया अनुष्ठान
दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठान को मंदिर के अर्चक श्री सत्यनारायण गौतम और श्री नारायण दास ने विधि-विधान से संपन्न कराया। इस दौरान राम अवतार नारसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, गौरी शंकर साबू, रंजन सिंह, सुशील लोहिया, ओमप्रकाश गाड़ोदिया, रामवृक्ष साहू, नरेश ठाकुर, सुरेश ठाकुर और अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।



