रांची। शिव भक्त मंडल, श्री राधा कृष्ण मंदिर, कृष्णा नगर कॉलोनी, रातू रोड, रांची की ओर से रविवार को चंद्रमौलेश्वर बाबा का भव्य नगर भ्रमण भक्तिभाव के साथ निकाला गया। बाबा को भव्य रूप से सजाकर पालकी में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा की पालकी को अपने कंधों पर उठाकर पैदल नगर भ्रमण कराया।
नगर भ्रमण के दौरान कानपुर से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। वहीं, दुर्गा जागरण मंडली के सदस्यों एवं भजन कलाकारों ने भगवान शिव और बाबा चंद्रमौलेश्वर की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की गंगा बहाई। “हर-हर महादेव, शंभू भोलेनाथ” और “ॐ नमः शिवाय” जैसे भक्तिमय जयकारों एवं भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। सर्वप्रथम गणेश वंदना के साथ पवन मनुज द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके बाद केसर पापनेजा, मनोज किंगर, श्रीमती ज्योति अरोड़ा सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक शिव भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
नगर भ्रमण के पूरे मार्ग में विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं द्वारा बाबा पर पुष्पवर्षा की गई तथा प्रसाद स्वरूप मिष्ठान का वितरण किया गया। भक्तों ने हर-हर महादेव और चंद्रमौलेश्वर बाबा की जय के जयकारों से वातावरण को शिवमय बना दिया।
नगर भ्रमण श्री राधा कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा पहुंचा, जहां सभा की ओर से बाबा का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद नगर भ्रमण शहीद भगत सिंह चौक होते हुए इंद्रपुरी शिव मंदिर पहुंचा। यहां इंद्रपुरी शिव मंदिर में बाबा का भव्य स्वागत किया गया तथा आतिशबाजी की गई। इसके उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इसके बाद नगर भ्रमण बिरला मैदान, भक्ति चौक, हरि ओम मंदिर एवं रातू रोड दुर्गा मंदिर होते हुए पहाड़ी मंदिर पहुंचा। यहां पहाड़ी विकास समिति की ओर से चंद्रमौलेश्वर बाबा की भव्य आरती की गई। समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ बाबा की आरती में भाग लिया। इसके उपरांत भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
इसके बाद नगर भ्रमण मेट्रो गली, झंडा चौक एवं गेरा चौक होते हुए पुनः श्री राधा कृष्ण मंदिर पहुंचा। मंदिर पहुंचने के बाद बाबा की आरती एवं अरदास की गई।कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी अरुण जसूजा ने दी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डिप्टी मेयर नीरज कुमार, चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह, पूर्व पार्षद अशोक यादव, पार्षद प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता एवं वार्ड नंबर 29 के पार्षद सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नगर भ्रमण के उपरांत शिव भक्त मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सादर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से श्री राधा कृष्ण मंदिर के प्रधान नंदकिशोर अरोड़ा, चंद्रभान तलेजा, रामचंद्र तलेजा, सुनील कटारिया, जगदीश घई, कुणाल धमीजा, नरेश अरोड़ा, मोहित गेरा, ललित गाबा, हरीश मनुजा अरोड़ा, राकेश अरोड़ा, नरेश मक्कड़, नरेश खत्री, सुमित मीठा, जीतू अरोड़ा, कुणाल मदान पोत्रा, विवेक कटारिया, रोहित तलेजा, चंचल खत्री, चमन मुंजाल, अनिल मुंजाल, हिना तनेजा, बंसी गेरा, रश्मि कटपाल, किरण अरोड़ा, कामना खत्री एवं रीना सरदाना सहित समाज के अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







