देवघर : विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबाधाम पहुंच रहे हैं। जलार्पण और बाबा भोलेनाथ के दर्शन के साथ ही शिवभक्त मंदिर में दिल खोलकर दान-पुण्य भी कर रहे हैं। गुरुवार को बाबाधाम मंदिर प्रांगण स्थित कुल 18 दानपत्रों (दानपेटियों) को कड़ी प्रशासनिक सुरक्षा और वीडियोग्राफी के बीच खोला गया।
Read More : JPSC आंदोलन : विस मार्च के दौरान AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने की कोशिश, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
दान में मिलीं नेपाली और भूटानी करेंसी
दानपेटियों की गिनती के बाद कुल 22,88,605 रुपये (लगभग 23 लाख रुपये) नगद प्राप्त हुए। भारतीय रुपयों के अलावा दानपत्रों से विदेशी मुद्रा भी निकली, जिसमें 11,610 नेपाली रुपये और 66 भूटानी रुपये शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा में हुई नोटों की गिनती
मंदिर प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में सभी दानपत्रों को खोला गया और कड़ी सुरक्षा के बीच नोटों की गिनती की गई। श्रावणी मेले में आ रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं की सुलभ जलार्पण व्यवस्था को सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।




