रांची : रांची में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की बिजनेस एक्सचेंज सब-कमेटी की बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में सदस्यों के बीच व्यापारिक संपर्क बढ़ाने, नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने और आपसी कारोबारी सहयोग मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि जनवरी से अब तक बिजनेस एक्सचेंज सब-कमेटी की करीब 10 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें एक आउटडोर बैठक भी शामिल है, जो अरगोड़ा चौक स्थित रोहतगी होम बाजार में हुई थी।
Read More : सीएम विजय का ऐलान, तमिलनाडु के 234 विधायकों को मिलेगी कार
भारी बारिश के बावजूद जुटे थे सदस्य
अरगोड़ा चौक स्थित रोहतगी होम बाजार में आयोजित आउटडोर बैठक में भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में सदस्य और व्यवसायी शामिल हुए थे। प्रतिभागियों ने इस पहल को सकारात्मक अनुभव बताया था। मंगलवार की बैठक में भी कई सदस्यों को ऑन-द-स्पॉट व्यापारिक अवसर मिले। इनमें दो मॉड्यूलर किचन से संबंधित कारोबार मिलना खास तौर पर उल्लेखनीय रहा।
नेटवर्किंग से आगे बढ़कर मिल रहा कारोबार
बैठक से यह सामने आया कि बिजनेस एक्सचेंज की पहल केवल आपसी परिचय और नेटवर्किंग तक सीमित नहीं है। इसके जरिए सदस्यों को सीधे तौर पर व्यापारिक अवसर भी मिल रहे हैं। बैठक के दौरान एक सदस्य ने निर्यात (Export) व्यवसाय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यदि उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर हो और सही व वास्तविक खरीदार (Genuine Buyer) उपलब्ध हो, तो निर्यात के क्षेत्र में अच्छे मार्जिन के साथ कारोबार किया जा सकता है। उन्होंने सदस्यों को निर्यात की संभावनाओं को समझने और इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बिजनेस एक्सचेंज को और प्रभावी बनाने पर जोर
चैंबर के उपाध्यक्ष ने कहा कि बिजनेस एक्सचेंज चैंबर की महत्वपूर्ण और सार्थक पहल है। समय के साथ इस पहल से सदस्यों का जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है और बैठकों के माध्यम से उन्हें वास्तविक व्यापारिक अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिजनेस एक्सचेंज को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक सदस्यों को प्रत्यक्ष रूप से व्यावसायिक लाभ मिल सके।
बैठक में ये सदस्य रहे मौजूद
बैठक में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बंगार, बिजनेस एक्सचेंज सब-कमेटी के चेयरमैन अमित मिश्रा, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल समेत सदस्य पूनम आनंद, आलोक सिंह, दिलीप शाह, अजीत कुमार भगत, प्रदीप कुमार, बीरेंद्र रोहतगी, रमेश कुमार, साहू, अमित कुमार, डॉ. सुजीत कुमार, शैलेन्द्र सुमन, मनोज कुमार मिश्रा, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव और चंदन कुमार आदि उपस्थित रहे।








