रांची : विदेश में बैठकर झारखंड में अपराध का खेल चलाने का आरोप झेल रहा राहुल दुबे पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। शुक्रवार की अहले सुबह बाइक पर सवार बदमाशों ने रांची के कांके रोड स्थित कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर पर ताबड़तोड़ करीब पांच राउंड गोलियां चला दीं। गोलीबारी के बाद कारोबारी और उनका पूरा परिवार दहशत में है।
Read More : रांची एयरपोर्ट पर कोहरे का असर, चार फ्लाइट घंटों लेट और एक रद्द
पुलिस को शक है कि इस गोलीकांड के पीछे राहुल दुबे गिरोह का हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि गोली चलाने से पहले फेसबुक के जरिए दुबे गिरोह की तरफ से संजय करमाली को धमकी भी दी गई थी। घटना की खबर मिलते ही कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। अब पुलिस गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने में लगी है।
घर के बाहर फायरिंग कर फरार हुए बाइक सवार अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बाइक पर सवार अपराधी संजय करमाली के घर पहुंचे। उन्होंने हथियार निकालकर घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग सहम गए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। कांके थाना की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
सुबह 3:30 बजे चलाई गईं करीब पांच गोलियां
परिवार के कुछ सदस्यों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे बाइक सवार अपराधियों ने लगभग पांच राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद कोयला कारोबारी संजय करमाली भी दहशत में हैं। शुक्रवार सुबह कांके थाना में मौजूद संजय करमाली ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “जो कुछ पूछना है, पुलिस से पूछिए।”
डीएसपी ने क्या बताया?
रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी-1 अमर कुमार पांडे ने बताया कि गोलीबारी की घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि करमाली परिवार हाल ही में कांके रोड पर शिफ्ट हुआ है। डीएसपी के मुताबिक, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



