कुलगाम : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के लारनू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इनमें लश्कर का सक्रिय कमांडर लतीफ अहमद बट भी शामिल बताया जा रहा है। वहीं, यह भी खबर सामने आ रही है कि घायल होने के बाद भागने की कोशिश कर रहे उसके साथी उमर निसार को सुरक्षाबलों ने जिंदा पकड़ लिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक लतीफ बट के मारे जाने और उमर निसार के जिंदा पकड़े जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Read More : JPSC-JSSC नियुक्ति घोटाले में सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं छह नई याचिकाएं
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कुलगाम के लारनू बाईपास इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारी ने बताया कि अभियान अभी जारी है। शव बरामद होने के बाद ही मौत और मारे गए आतंकियों की पहचान की पुष्टि की जाएगी।
आतंकियों ने 15 सेकंड में चलाई थीं 30 गोलियां
कुलगाम में यह अभियान 11 नवंबर 2026 को अखरान इलाके में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था। इस हमले में शामिल आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था। जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने कुलगाम के अखरान गांव में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला किया था। आतंकियों ने करीब 15 सेकंड के भीतर 30 राउंड गोलियां चलाई थीं। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। तभी से सुरक्षाबल उनकी तलाश में अभियान चला रहे थे।
15 लाख रुपये का इनामी था लतीफ बट
लतीफ अहमद बट गत वर्ष नवंबर में आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उस पर इस वर्ष जुलाई में अनंतनाग के लाल चौक में एक पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या करने का आरोप है। वहीं, उमर निसार करीब 10 दिन पहले ही आतंकी बना था। बताया जाता है कि 11 नवंबर को अखरान नौपुरा में सीआरपीएफ दल पर हुए हमले के दौरान वह भी लतीफ बट के साथ था।
500 से अधिक संदिग्धों से हुई पूछताछ
सीआरपीएफ पर हमले के बाद सुरक्षाबलों ने लतीफ बट और उसके साथियों की तलाश में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 500 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की और 20 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसी अभियान के दौरान लश्कर और टीआरएफ से जुड़े तीन ओवरग्राउंड वर्करों को भी कथित तौर पर चिह्नित किया गया। सुरक्षाबलों को लतीफ बट के कुछ संभावित ठिकानों की जानकारी भी मिली थी।
गंजीपोरा, वनपोर और लारनू में घेराबंदी
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ बट के छिपे होने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने गत दोपहर बाद से गंजीपोरा, वनपोर और लारनू समेत कई इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, सेना की विक्टर फोर्स के जीओसी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अभियान की रणनीति का जायजा लिया। फिलहाल, लारनू इलाके में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। लतीफ बट और उमर निसार को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।






