पलामू : पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह हुटार गांव में भरठुवा बंदूक की सफाई के दौरान हुए हादसे में 75 वर्षीय श्याम लाल भुइयां की मौत हो गई। गोली उनके सीने में लगी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
Read More : JPSC परीक्षा पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा आरोप, निष्पक्ष जांच और FIR की उठाई मांग
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्याम लाल भुइयां घर में रखी भरठुवा बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और वह उसकी चपेट में आ गए। मामले की जांच जारी है।
40 साल से घर में रखी थी भरठुवा बंदूक
मृतक के बेटे वीरेंद्र भुइयां ने बताया कि उनके पिता के पास 40 वर्ष से अधिक समय से भरठुवा बंदूक थी। पहले वह कभी-कभी जंगली जानवरों का शिकार भी करते थे। घटना के समय बंदूक में बारूद भरा हुआ था। शनिवार रात सफाई के दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे उनके पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वीरेंद्र ने बताया कि उनके जन्म से पहले से ही यह बंदूक घर में मौजूद थी। उनके अनुसार, पिता यह बंदूक कहां से लाए थे, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है। श्याम लाल भुइयां बढ़ई मिस्त्री का काम करते थे।
पुलिस कर रही मामले की जांच
रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि थाना से करीब 10 किलोमीटर दूर नावाडीह हुटार गांव में भरठुवा बंदूक से गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो श्याम लाल भुइयां मृत मिले। थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने बताया कि बंदूक की सफाई और उससे संबंधित कार्य के दौरान अचानक गोली चल गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा।








