रांची: सिविल सर्जन कार्यालय, रांची में सोमवार को नवपदस्थापित सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने विधिवत अपना पदभार संभाल लिया। इस मौके पर निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जिले की आम जनता को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
Read More : युवा आजसू का प्रदेश अधिवेशन 7-8 अगस्त को, ऑनलाइन सदस्यता अभियान शुरू
टीम भावना से मिले सफल परिणाम: डॉ. प्रभात कुमार
विदाई समारोह के दौरान निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए सभी सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सहकर्मियों के सहयोग और टीम भावना के कारण ही जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सफल संचालन संभव हो पाया। कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने डॉ. प्रभात कुमार के कार्यकाल की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नए सिविल सर्जन का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक रहे मौजूद
समारोह में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डीआरसीएचओ डॉ. असीम मांझी, डीटीओ डॉ. एस. बास्की, डॉ. प्रभावती समेत कई जिला स्तरीय पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।



