रांची। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लाइब्रेरी के पास गुरुवार की सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह लाइब्रेरी के पास एक युवक को बेसुध अवस्था में देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया हैं।
पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ
प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।




